शाम के नाश्ते का बेहतरीन विकल्प
दिन ढलते ही अक्सर लोगों को हल्की भूख सताने लगती है। ऐसे समय में अक्सर हम कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहतमंद भी हो। अगर आप अनहेल्दी स्नैक्स से परहेज करना चाहते हैं, तो बेसन के अप्पे आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकते हैं। बेसन न केवल स्वाद बढ़ाता है बल्कि यह प्लांट बेस्ड प्रोटीन और फाइबर का भी एक प्रमुख स्रोत है, जो आपको तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है। इसे बनाना भी काफी आसान है, तो चलिए जानते हैं कि आप घर पर इसे कैसे बना सकते हैं।
आवश्यक सामग्री
स्वादिष्ट बेसन अप्पे तैयार करने के लिए आपको नीचे दी गई सामग्रियों की आवश्यकता होगी:
- 1 कप बेसन
- 2 बड़े चम्मच सूजी (अप्पों में हल्का कुरकुरापन लाने के लिए)
- 3 से 4 बड़े चम्मच ताजा दही (हल्की खटास वाला)
- 1 छोटा बारीक कटा हुआ प्याज
- बारीक कटा टमाटर
- बारीक कटी शिमला मिर्च
- 2 बड़े चम्मच कद्दूकस की हुई गाजर
- बारीक कटा हरा धनिया
- 1 से 2 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
- 1/2 छोटा चम्मच राई
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- 6 से 8 करी पत्ता
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
- ईनो या बेकिंग सोडा (आवश्यकतानुसार)
- पकाने के लिए तेल या घी
बनाने की विधि
अप्पे बनाने की पूरी प्रक्रिया को इन आसान चरणों में समझा जा सकता है:
- स्टेप 1: सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन और सूजी को छानकर निकाल लें। इसमें दही, हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक मिलाएं। धीरे धीरे पानी डालते हुए एक गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि मिश्रण में गांठे न पड़ें। घोल तैयार होने के बाद इसे लगभग 10 मिनट के लिए ढंककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।
- स्टेप 2: एक तड़का पैन में 1 छोटा चम्मच तेल गरम करें। इसमें राई, जीरा और करी पत्ता डालें। जब ये चटकने लगें, तो इस तड़के को बेसन के घोल में मिला दें। अब इसमें तैयार की हुई सब्जियां जैसे प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया डालें। अगर घोल बहुत गाढ़ा लगे, तो इसमें 1 से 2 चम्मच पानी और मिलाया जा सकता है।
- स्टेप 3: गैस पर अप्पे पैन को मध्यम आंच पर रखें और इसके सांचों में थोड़ा-थोड़ा तेल या घी लगाकर चिकना कर लें।
- स्टेप 4: अप्पे को फुलाने के लिए, पकाने से ठीक पहले घोल में चुटकी भर ईनो और 1 चम्मच पानी डालकर हल्के हाथों से मिलाएं।
- स्टेप 5: अब एक चम्मच की मदद से सांचों में घोल डालें। पैन को ढक्कन से ढक दें और धीमी से मध्यम आंच पर 3 से 4 मिनट तक पकने दें।
- स्टेप 6: जब एक तरफ से अप्पे पक जाएं, तो ढक्कन हटाकर ऊपर से थोड़ा तेल लगाएं। एक सीख या चम्मच की सहायता से इन्हें पलट दें। दूसरी तरफ से भी इन्हें 2 से 3 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें। तैयार गर्म-गर्म अप्पों को आप अपनी पसंद की हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/feeling-quite-hungry-in-the-evening-make-delicious-besan-appe-here-is-the-recipe-2026-11-26-1256609