बेंगलुरु में संपत्ति विवाद में बड़ी वारदात
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बेलंदूर इलाके के पास संपत्ति को लेकर चल रहे एक पुराने विवाद में एक भाई ने अपनी ही बहन की हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी बहन को क्रिकेट बैट से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन अब पुलिस ने उसे धर दबोचा है।
कौन है आरोपी और मृतका
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 42 वर्षीय जयराम के रूप में हुई है, जो पेशे से एक वकील है। वहीं, मृतक महिला की पहचान 39 वर्षीय मीनाक्षी एम के तौर पर की गई है। यह घटना बुधवार को जुन्नासंद्रा इलाके में हुई। पीड़ित और आरोपी दोनों भाई-बहन एक-दूसरे के बगल में बने अलग-अलग मकानों में अपने-अपने परिवारों के साथ रहा करते थे। मीनाक्षी अपनी मां और अपने बच्चों के साथ रहती थी, जबकि जयराम का परिवार उसके साथ दूसरे मकान में रहता था।
घर खाली करने को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों भाई-बहन के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी जयराम लगातार अपनी बहन पर मां का घर खाली करके कहीं और शिफ्ट होने का दबाव बना रहा था। हालांकि, मीनाक्षी ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया था। उसका कहना था कि वह अपनी मां के साथ ही रहना चाहती है और उसने मकान खाली करने से साफ इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते रहते थे।
क्रिकेट बैट से किया जानलेवा हमला
बीते बुधवार को संपत्ति का यह पुराना विवाद एक बार फिर से गहरा गया। दोनों के बीच बहस शुरू हुई जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। गुस्से में आकर जयराम ने वहां रखे एक क्रिकेट बैट को उठाया और मीनाक्षी पर ताबड़तोड़ प्रहार करने शुरू कर दिए। हमले के दौरान मीनाक्षी को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था। फिलहाल, बेलंदूर पुलिस ने इस पूरे मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
https://hindi.news18.com/news/nation/brother-kills-sister-over-property-dispute-arrested-after-murder-11014185.html