छोटे बच्चों का वजन सही ढंग से बढ़े, इसके लिए उनके खानपान पर खास ध्यान देना बेहद ज़रूरी होता है। आमतौर पर छह महीने की उम्र के बाद शिशुओं को ठोस आहार की शुरुआत के तौर पर सेरेलैक खिलाया जाता है। अगर आप अपने बच्चे को बाज़ार से खरीदा हुआ पैकेट वाला सेरेलैक नहीं देना चाहते, तो इसे आसानी से घर पर भी बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं कि घर पर सेरेलैक तैयार करने में कौन-कौन सी सामग्री लगती है और इसे बनाने का सही तरीका क्या है।
सेरेलैक बनाने के लिए ज़रूरी सामग्री
आधा कप काजू, आधा कप बादाम, एक कप चावल, एक कप रागी, आधा चना दाल, आधा कप साबूदाना और आधा कप गेंहू।
सेरेलैक बनाने का सही तरीका
पहला स्टेप: सबसे पहले गैस ऑन करके उस पर एक पैन रखें। अब बारी-बारी से काजू, बादाम, चावल, रागी, चना दाल, साबूदाना और गेंहू को मीडियम आंच पर भून लें।
दूसरा स्टेप: भूनते समय बीच-बीच में आंच को स्लो फ्लेम पर भी करते रहें। इन सभी चीज़ों को सिर्फ हल्का सुनहरा होना चाहिए, जलना नहीं चाहिए। ठंडा होने पर यह जांच लें कि ये अंदर तक अच्छी तरह भुनी हैं या नहीं।
तीसरा स्टेप: अगर आपके बच्चे को नट्स से एलर्जी है, तो काजू और बादाम का इस्तेमाल न करें। इनकी जगह आप मूंग दाल, उड़द दाल और लाल चना जैसे मल्टीग्रेन का उपयोग कर सकते हैं।
चौथा स्टेप: जब सारी सामग्री ठंडी हो जाए, तो उसे मिक्सर जार में अच्छी तरह बारीक पीस लें। इसके बाद तैयार सेरेलैक को एक एयर टाइट कंटेनर में रख दें।
पांचवां स्टेप: बच्चे को खिलाने के लिए एक बड़े बर्तन में एक गिलास पानी डालें। अब उसमें आधा कप सेरेलैक मिलाएं और स्लो आंच पर अच्छी तरह पकाएं।
छठा स्टेप: पक जाने पर गैस बंद कर दें। अगर आपका बच्चा डेढ़ साल से बड़ा है, तो आप इसमें थोड़ा शहद भी मिला सकते हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/you-can-make-cerelac-for-children-at-home-note-the-list-of-ingredients-and-the-recipe-process-2026-06-08-1223763