साकेत हादसे के बाद एक्शन में दिल्ली सरकार, CM रेखा गुप्ता ने MCD से मांगी पूरे शहर के अवैध निर्माणों की रिपोर्ट

साकेत के सैदुलजाब इलाके में हुए इमारत हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम को राजधानी भर के सभी अनधिकृत और अवैध निर्माणों की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इस हादसे में छह लोगों की जान चली गई थी।

नई दिल्ली: साकेत के सैदुलजाब इलाके में बीते सप्ताह हुए दर्दनाक इमारत हादसे के बाद दिल्ली सरकार अब कड़े कदम उठाने की तैयारी में है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को निर्देश दिया है कि वह राजधानी में चल रहे सभी अनधिकृत और अवैध निर्माणों की एक रिपोर्ट तैयार कर पेश करे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी साझा की।

हादसे में छह लोगों की हुई मौत

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह साकेत के सैदुलजाब क्षेत्र में एक बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई थी। इस भीषण हादसे में छह लोगों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, इस इमारत में एक कोचिंग संस्थान, एक कैफे और कई व्यावसायिक कार्यालय चल रहे थे। चश्मदीदों के बयान और प्रारंभिक जांच के मुताबिक, जिस समय इमारत गिरी, उसकी सबसे ऊपरी मंजिल पर अवैध तरीके से निर्माण कार्य जारी था, जिसे हादसे की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है।

पूरी दिल्ली में इमारतों के सर्वेक्षण के निर्देश

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "मुख्यमंत्री ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को पूरी दिल्ली में इमारतों का व्यापक सर्वेक्षण करने और हर तरह की अनियमितताओं को चिन्हित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।" उन्होंने बताया कि MCD आयुक्त से पूर्व में चिन्हित किए जा चुके अनधिकृत निर्माणों को लेकर भी रिपोर्ट देने को कहा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, सामान्य प्रक्रिया में MCD अनधिकृत निर्माण, गंभीर संरचनात्मक खामियों या गैर-अनुरूप क्षेत्रों में बिना अनुमति के संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के मामलों में संपत्तियों को सील कर देती है अथवा उन्हें खाली करने के नोटिस जारी करती है।

परिवहन विभाग के कार्यालयों का औचक निरीक्षण

वहीं एक अन्य घटनाक्रम में, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बुराड़ी स्थित परिवहन विभाग के कई कार्यालयों का अचानक दौरा कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने DTO, Vehicle Inspection Unit, Vehicle Training Institute और ATS का जायजा लेते हुए वहां उपलब्ध नागरिक सुविधाओं की स्थिति को परखा। निरीक्षण के समय मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जरूरी सुधार करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने खास तौर पर ATS के निर्माण कार्यों की समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को हिदायत दी कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।

https://www.indiatv.in/delhi/cm-rekha-gupta-after-saket-building-collapse-orders-mcd-survey-illegal-constructions-2026-06-02-1222626