UP Police Recruitment Exam 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ की ओर से आरक्षी नागरिक पुलिस तथा अन्य समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह तीन दिवसीय परीक्षा 8, 9 और 10 जून को लखनऊ में आयोजित की जा रही है, जिसके लिए बोर्ड और स्थानीय पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा का समय और पाली का कार्यक्रम
आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की यह परीक्षा तीनों दिन दो पालियों में होगी। 8 जून, 9 जून और 10 जून — तीनों तिथियों पर परीक्षा का समय एक समान रखा गया है।
- प्रथम पाली: प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक
- द्वितीय पाली: अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक
अभ्यर्थियों की संख्या और परीक्षा केंद्र
परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं, जिसके लिए शहर भर में केंद्र बनाए गए हैं।
- प्रत्येक पाली में अभ्यर्थियों की संख्या: 22,656
- कुल अभ्यर्थियों की संख्या: 1,35,936
- परीक्षा केंद्रों की संख्या: 55
परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल
परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न रैंक के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। तैनात बल का विवरण इस प्रकार है—
- निरीक्षक (Inspector): 55
- उपनिरीक्षक (SI): 255
- मुख्य आरक्षी (Head Constable): 300
- आरक्षी (Constable): 600
- महिला आरक्षी (Constable): 300
- जनपद कंट्रोल रूम – ACP: 1
- जनपद कंट्रोल रूम – SI: 1
- जनपद कंट्रोल रूम – Constable: 4
- सेक्टर मजिस्ट्रेट हमराही: 110
- कुल पुलिस बल: 1,626
पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा योजना
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।
- हर परीक्षा केंद्र की निगरानी के लिए नोडल पुलिस अधिकारी, केंद्र प्रभारी पुलिस और कंट्रोल रूम प्रभारी की नियुक्ति की गई है।
- जिले के कंट्रोल रूम में 1 सहायक पुलिस आयुक्त, 1 निरीक्षक/उप निरीक्षक और 4 आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई है।
- केंद्रों पर चेकिंग और फ्रिस्किंग के लिए हर 240 अभ्यर्थियों पर 1 उप निरीक्षक, 1 हेड कॉन्स्टेबल, 2 कॉन्स्टेबल, 1 महिला सिपाही और 1 एलआईयू कर्मी तैनात रहेगा।
- थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करते हुए परीक्षा सकुशल संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।
लखनऊ पुलिस की अपील
लखनऊ पुलिस परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, नियमों का पालन करें और किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें।
https://www.indiatv.in/education/exams/up-police-constable-recruitment-exam-2026-lucknow-timetable-security-arrangements-candidate-advisory-2026-06-07-1223628