नवरात्रि 2026 में नवमी तिथि को लेकर स्थिति
नवरात्रि के पावन पर्व पर नवमी तिथि का विशेष महत्व होता है, जिसे महा नवमी या दुर्गा नवमी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन माता दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की आराधना की जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री अपने भक्तों को सभी प्रकार की सिद्धियां प्रदान करने वाली हैं। वे कमल पर विराजमान रहती हैं और सिंह की सवारी करती हैं। हालांकि, इस साल भक्त इस बात को लेकर उलझन में हैं कि महा नवमी का उत्सव 19 अक्टूबर को मनाया जाए या 20 अक्टूबर को। ज्योतिषीय और पंचांग के अनुसार इसकी सही जानकारी नीचे दी गई है।
नवरात्रि की नवमी कब है 2026
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में नवमी तिथि 19 अक्टूबर की सुबह 10 बजकर 51 मिनट से प्रारंभ होकर 20 अक्टूबर की दोपहर 12 बजकर 50 मिनट तक रहेगी। द्रिक पंचांग के अनुसार महा नवमी की सही तिथि 19 अक्टूबर ही है। गोरखपुर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य सुजीत जी महाराज का भी यही मत है कि इस बार महा नवमी 19 अक्टूबर को मनाई जाना ही शास्त्र सम्मत है।
नवरात्रि नवमी पूजन मुहूर्त 2026
नवमी के दिन माता की विशेष पूजा के लिए शुभ मुहूर्त 19 अक्टूबर की सुबह 10 बजकर 51 मिनट से प्रारंभ होकर शाम 5 बजकर 48 मिनट तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि के दौरान श्रद्धालु माता रानी की विधि-विधान से पूजा कर सकते हैं। इसी समय के भीतर हवन संपन्न करना और कन्या पूजन के पश्चात अपना व्रत खोलना भी शुभ माना गया है।
नवरात्रि नवमी हवन समय 2026
नवमी पर हवन के लिए सबसे शुभ समय 19 अक्टूबर को सुबह 10 बजकर 51 मिनट से लेकर शाम 5 बजकर 48 मिनट तक निर्धारित किया गया है। पंचांग के अनुसार 20 अक्टूबर को भी हवन के लिए एक विशेष समय उपलब्ध है, जो सुबह 6 बजकर 25 मिनट से शुरू होकर दोपहर 12 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। भक्त अपनी सुविधानुसार इन समय सीमाओं का पालन कर सकते हैं।
नवमी पर कन्या पूजन का मुहूर्त 2026
नवरात्रि की नवमी पर कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है। चूंकि 19 अक्टूबर को नवमी तिथि पूरे दिन व्याप्त है, इसलिए आप अपनी सुविधा के अनुसार सुबह, दोपहर या शाम को कभी भी कन्या पूजन कर सकते हैं। हालांकि, यदि आप सबसे शुभ समय की तलाश में हैं, तो सुबह 06:30 AM से 10:30 AM के बीच का समय कन्या पूजन हेतु सबसे उत्तम माना गया है। अधिकांश श्रद्धालु इसी समय सीमा के भीतर कन्या पूजन संपन्न करना पसंद करते हैं।
https://www.indiatv.in/religion/news-navratri-navami-2026-date-19-or-20-october-maha-navami-date-time-havan-shubh-muhurat-2026-10-14-1248687