होटल के कमरे में मिला शव
हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के सेक्टर-11 स्थित एक निजी होटल के कमरे से एक युवती का शव बरामद किया गया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा की निवासी 25 वर्षीय अदिति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवती पिछले 3 दिनों से अपने प्रेमी के साथ होटल में ठहरी हुई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अदिति बिना किसी को सूचित किए तीन दिन पहले अपने घर से निकल आई थी। उसने फरीदाबाद के रहने वाले हेमंत शर्मा के साथ होटल के कमरा नंबर 204 में चेक-इन किया था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि अदिति और हेमंत के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। हेमंत मूल रूप से आगरा का ही रहने वाला है, लेकिन वह पिछले काफी समय से फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
मामला तब प्रकाश में आया जब होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खुला देखा। जिज्ञासावश जब उन्होंने अंदर झांका तो उनके होश उड़ गए। वहां अदिति का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तुरंत होटल के मालिक को सूचित किया और पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही सेक्टर-11 पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया गया है।
प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल इस मामले में सबसे बड़ी कड़ी युवती का प्रेमी हेमंत शर्मा है, जो घटना के बाद से ही फरार है। पुलिस का मानना है कि यह घटना संभवत: रात 10 बजे के बाद की है। हेमंत उसी रात होटल से बिना किसी को बताए चला गया था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने खुदकुशी की है या फिर यह एक हत्या का मामला है। पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें फरार हेमंत की तलाश कर रही हैं, ताकि पूछताछ के जरिए घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।
https://hindi.news18.com/news/haryana/faridabad-agra-young-girl-body-found-in-hotel-boyfriend-on-the-run-ws-l-10907971.html