कर्नाटक में संदिग्ध आतंकी कनेक्शन पर कार्रवाई
कर्नाटक में सुरक्षा एजेंसियां एक संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बेहद सख्ती से काम कर रही हैं। इस मामले में पुलिस ने बीदर जिले के भालकी तालुक स्थित एनकूर गांव से 24 वर्षीय विशाल कुमार मैत्रे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचनाओं के आधार पर चलाए गए अभियान के जरिए मिली है। इस मामले में बाल्की रूरल सर्कल के पुलिस निरीक्षक ने स्व-संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
UAPA के तहत मामला दर्ज
आरोपी विशाल कुमार मैत्रे के खिलाफ बाल्की के खटक चिंचोली पुलिस स्टेशन में कठोर कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पर गैर-कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम यानी UAPA की धारा 18, 20 और 39 लगाई है। प्राथमिक जांच के दौरान अधिकारियों को पाकिस्तान स्थित एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा संदिग्ध व्हाट्सऐप लिंक मिला है। यह पूरी कार्रवाई खुफिया तंत्र से मिली जानकारी के बाद शुरू की गई थी।
FIR में पाकिस्तान के शहजाद भट्टी का नाम शामिल
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी के मोबाइल फोन में काफी आपत्तिजनक सामग्री मौजूद थी। सूत्रों के अनुसार, दिसंबर 2025 से ही एक गुप्त ऑपरेशन चलाया जा रहा था। मामले की एफआईआर में पाकिस्तानी नागरिक शहजाद भट्टी का नाम प्रमुखता से दर्ज है। इतना ही नहीं, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों में राणा हुसैन, नोमी खान शामिल हैं, जो पाकिस्तान के बताए जा रहे हैं। साथ ही एफआईआर में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी आशू शर्मा, मध्य प्रदेश के खरगोन के राज भाई और बीदर के कई अज्ञात लोगों के नाम भी शामिल हैं।
मोतिहारी में पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
शहजाद भट्टी नेटवर्क का दायरा सिर्फ कर्नाटक तक सीमित नहीं है। इससे पहले बिहार के मोतिहारी में भी इसी नेटवर्क से जुड़ा एक युवक पकड़ा गया था। पूर्वी चंपारण के ढाका थाना क्षेत्र में बिसरहिया गांव के निकट चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध युवक भागने लगा था। पीछा करने के बाद जब पुलिस ने उसे पकड़ा और उसके मोबाइल की जांच की, तो उसमें आतंकी हमलों के कई वीडियो, तस्वीरें और देश विरोधी सामग्री मिली थी।
सोशल मीडिया के जरिए रची जा रही थी साजिश
पुलिस की पूछताछ में मोतिहारी वाले आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि वह पाकिस्तान के शहजाद भट्टी नेटवर्क का हिस्सा है और सोशल मीडिया के माध्यम से गिरोह के अली गुज्जर के संपर्क में आया था। फिलहाल, मोतिहारी पुलिस और अन्य एजेंसियां इस पूरे डिजिटल नेटवर्क और सोशल मीडिया कनेक्शन की गहनता से पड़ताल कर रही हैं ताकि इनके मंसूबों का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।
https://www.indiatv.in/india/national/karnataka-bhalki-suspected-terror-links-third-suspect-arrested-uapa-case-2026-10-03-1246759