कार्रवाई की पूरी जानकारी
गुजरात के सूरत में पाल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध रूप से एलपीजी गैस भरने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भेसन-हजीरा हाईवे पर स्थित रिलायंस गोदाम के पार्किंग परिसर में नियमों को ताक पर रखकर गैस की गैर-कानूनी रीफिलिंग की जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की, जिसके दौरान मौके से नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और एक एलपीजी गैस टैंकर को कब्जे में ले लिया गया। इस गिरोह का मुख्य सूत्रधार पवनसिंह गुर्जर बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार, जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनकी पहचान इस प्रकार है: पवन सिंह गुर्जर (26), सुरेश बोरिवाला (35), महेश जंजवाडिया (35), पंकज सिंह ठाकुर (26), देवा सिंह (28), सुभाष सिंह राजपूत (28), विशाल भाबोर (24), दीपक भाबोर (26) और लक्ष्मण सिंह रावत (53)।
साजिश का पर्दाफाश
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी पवन सिंह ने महेश से यह परिसर 12,000 रुपये प्रति माह के किराये पर लिया था। दिलचस्प बात यह है कि महेश स्वयं इस परिसर में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात है और उसने परिसर के असली मालिक को अंधेरे में रखकर यह जगह अवैध गतिविधियों के लिए किराए पर दे दी थी। घटना के समय लक्ष्मण सिंह गेल कंपनी का एलपीजी टैंकर लेकर वहां पहुंचा था और बाकी आरोपी उसी टैंकर से अन्य सिलेंडरों में गैस स्थानांतरित करने का काम कर रहे थे।
जब्त की गई सामग्री और कानूनी कार्रवाई
आरोपियों ने बिना किसी सुरक्षा मानक के ज्वलनशील पदार्थ के साथ खिलवाड़ किया, जो एक गंभीर अपराध है। पुलिस ने घटनास्थल से 84 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर (कुल मूल्य 1.26 लाख रुपये), चार खाली सिलेंडर, तीन गैस रिफिलिंग पाइप, एक गैस टैंकर, दो चार पहिया वाहन, कई मोबाइल फोन और 7,240 रुपये नकद बरामद किए हैं। कुल मिलाकर पुलिस ने करीब 56.69 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और तरलीकृत पेट्रोलियम गैस आपूर्ति व वितरण विनियमन आदेश के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की गहन पूछताछ और जांच की प्रक्रिया अभी भी जारी है।
https://www.indiatv.in/gujarat/nine-arrested-after-illegal-lpg-cylinder-refilling-racket-busted-in-surat-2026-09-20-1244381