बॉम्बे हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: क्लर्क भर्ती परीक्षा हुई रद्द, तकनीकी खामियों के चलते लिया गया निर्णय

महाराष्ट्र में क्लर्क पद के लिए आयोजित की गई परीक्षा में बड़े पैमाने पर तकनीकी गड़बड़ी और सर्वर डाउन होने की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने परीक्षा रद्द कर दी है।

परीक्षा रद्द करने का आदेश

महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अहम खबर है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने हाल ही में क्लर्क पद के लिए आयोजित की गई भर्ती परीक्षा को रद्द करने का निर्देश दिया है। राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों से मिली अनियमितताओं और तकनीकी खराबी की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। अदालत की ओर से जल्द ही एक नया नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, जिसमें परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा की जाएगी।

क्यों मचा था विवाद

रविवार को जब यह परीक्षा आयोजित की गई, तो राज्य के कई हिस्सों में अभ्यर्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कल्याण, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड, वाशिम और भंडारा जैसे शहरों में बनाए गए केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने गंभीर तकनीकी खामियों का आरोप लगाया। कई स्थानों पर सर्वर फेल होने के कारण सिस्टम बार-बार लॉग आउट हो रहे थे, जबकि कुछ केंद्रों पर की-बोर्ड खराब होने की शिकायतें भी सामने आईं। इन समस्याओं के चलते कल्याण और छत्रपति संभाजीनगर में छात्रों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। उल्लेखनीय है कि बॉम्बे हाई कोर्ट क्लर्क टाइपिंग टेस्ट का आयोजन खुद करता है, जिसके संचालन के लिए किसी बाहरी एजेंसी की सहायता ली जाती है।

11 हजार छात्र हुए थे प्रभावित

राज्य के कुल 19 केंद्रों पर इस टाइपिंग परीक्षा के लिए लगभग 11,000 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। प्रदर्शन के दौरान कल्याण के एपीएमसी मार्केट स्थित परीक्षा केंद्र पर 400 से अधिक छात्र जमा हुए और उन्होंने फिर से परीक्षा आयोजित करने की मांग की। स्थानीय प्रशासन ने लिखित तौर पर माना कि तकनीकी बाधाओं की वजह से परीक्षा नहीं हो पाई, जबकि अभ्यर्थी समय पर केंद्र पहुंच गए थे। प्रशासन के आश्वासन के बाद देर रात यह प्रदर्शन शांत हुआ था, लेकिन उस समय परीक्षा की अगली तारीख को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया था।

रजिस्ट्रार का बयान और आगे की प्रक्रिया

मामले के सामने आने के बाद बॉम्बे हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार ने एक आधिकारिक बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था कि अधिकांश केंद्रों पर परीक्षा सामान्य रही, हालांकि उन्होंने कल्याण और छत्रपति संभाजीनगर जैसे कुछ विशिष्ट केंद्रों पर तकनीकी समस्याओं की पुष्टि भी की। रजिस्ट्रार के अनुसार, परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली और तकनीकी खामियों की गहन जांच की जा रही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अगली कार्रवाई के लिए आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें।

https://www.indiatv.in/maharashtra/the-bombay-high-court-has-cancelled-the-examination-held-for-the-post-of-clerk-2026-08-29-1240147