शादी का बकाया बिल बना विवाद की जड़
इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी, जिनकी मेघालय में हनीमून के दौरान हत्या की घटना ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं, उनकी शादी का मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। इस बार विवाद का कारण शादी का बकाया कैटरिंग बिल है। शादी के लगभग 15 महीने बीत जाने के बाद भी कैटरर को पूरी रकम का भुगतान नहीं किया गया है। कैटरर हितेश रोहिरा ने अब इस मामले को लेकर स्थानीय द्वारकापुरी थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की है, हालांकि पुलिस ने इसे दीवानी मामला बताकर कार्रवाई करने से मना कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
केटरर हितेश रोहिरा के अनुसार, उन्हें राजा रघुवंशी और सोनम की शादी में भोजन की व्यवस्था संभालने के लिए 11,42,550 रुपये का अनुबंध मिला था। उन्होंने बताया कि अब तक उन्हें कुल 8,60,000 रुपये ही प्राप्त हुए हैं, जबकि अभी भी 2,82,550 रुपये की राशि बकाया है। हितेश का दावा है कि इस बकाया रकम को हासिल करने के लिए वे लगातार राजा के भाई विपिन रघुवंशी और सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन दोनों परिवार एक दूसरे पर भुगतान की जिम्मेदारी थोप रहे हैं।
कानूनी नोटिस के बाद भी समाधान नहीं
पीड़ित केटरर ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वे कानूनी रास्ता भी अपना चुके हैं। उन्होंने 1 अप्रैल को अपने वकील के माध्यम से विपिन और गोविंद को कानूनी नोटिस भेजा था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कोई भुगतान नहीं मिला है। जब उन्हें कोई रास्ता नहीं दिखा, तो वे द्वारकापुरी थाने पहुंचे ताकि दोषियों के खिलाफ शिकायत दर्ज हो सके, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इस संबंध में द्वारकापुरी थाने के प्रभारी मनीष मिश्रा ने स्पष्ट किया कि दो पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन का यह विवाद पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है, क्योंकि यह एक दीवानी मुकदमा है।
परिजनों ने आरोपों को नकारा
इस पूरे मामले में दोनों पक्षों ने अपनी सफाई दी है। राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने केटरर के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कैटरिंग की बुकिंग सोनम के भाई गोविंद ने की थी और उनके परिवार का केटरर के साथ अब कोई आर्थिक लेनदेन शेष नहीं है। वहीं दूसरी ओर, सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने उल्टा केटरर पर ही निशाना साधा है। उनका दावा है कि शादी का लगभग पूरा भुगतान पहले ही किया जा चुका है। गोविंद ने सवाल उठाया कि केटरर 15 महीने तक चुप क्यों था और अब केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह की बातें कर रहा है।
https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/raja-raghuvanshi-and-sonam-wedding-remain-catering-bill-complaint-didn-t-file-both-families-also-refused-2026-08-04-1235272