नाज़का में बड़ा विमान हादसा
पेरू के नाजका शहर के समीप शनिवार को एक भीषण विमान हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। विश्व प्रसिद्ध नाज़का लाइन्स की हवाई सैर कराने के लिए ले जाया जा रहा एक पर्यटक विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर एक खेत में जा गिरा। इस दर्दनाक घटना में विमान में सवार 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने इस दुखद हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है।
पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र नाज़का लाइन्स
नाजका नगर प्रशासन द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, यह विमान पर्यटकों को नाज़का लाइन्स दिखाने के उद्देश्य से उड़ान पर था। नाज़का लाइन्स पेरू के रेगिस्तानी इलाके में स्थित विशाल भू-आकृतियां या जियो-ग्लिफ़ हैं, जिनका निर्माण सैकड़ों साल पहले वहां के मूल निवासियों द्वारा किया गया था। ये आकृतियां इतनी बड़ी हैं कि इन्हें जमीन से स्पष्ट नहीं देखा जा सकता, बल्कि इन्हें देखने के लिए हवाई जहाज या ऊंचे व्यूइंग टावर की आवश्यकता पड़ती है।
इका शहर से भरी थी उड़ान
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुआ यह विमान पास के इका शहर से रवाना हुआ था। इस पर्यटक उड़ान का संचालन एयरोडियाना नामक निजी एयरलाइन द्वारा किया जा रहा था। कंपनी की वेबसाइट के विवरण के अनुसार, वे पिछले 14 वर्षों से सेसना ग्रैंड कारवां मॉडल के विमानों के माध्यम से नाज़का लाइन्स के ऊपर पर्यटकों को हवाई सैर कराने का काम कर रहे हैं।
मृतकों में 11 विदेशी सैलानी शामिल
पेरू के व्यापार और पर्यटन मंत्रालय ने बताया कि विमान में कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें 11 विदेशी पर्यटक और दो चालक दल के सदस्य थे। सरकारी समाचार एजेंसी एजेंसिया एंडीना के मुताबिक, मृतकों में 2 जर्मन, 2 स्पेनिश और 7 इतालवी नागरिक शामिल थे। फिलहाल पेरू के अधिकारी इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हैं। एयरोडियाना की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं दी गई है।
हादसे के बाद फैली सनसनी
फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। चश्मदीदों के अनुसार, विमान जमीन पर गिरते ही पूरी तरह बिखर गया और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गया। बचाव एवं राहत दल की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं, जिन्होंने आग पर काबू पाया और विमान के मलबे से शवों को बाहर निकाला। पेरू प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
https://www.indiatv.in/world/us/tourist-plane-crashes-in-peru-killing-13-on-nazca-lines-sightseeing-flight-2026-08-02-1234813