मानवता को झकझोरने वाली घटना
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा से एक बेहद शर्मनाक और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। बगहा दो प्रखंड के अंतर्गत आने वाले राजकीय प्राथमिक विद्यालय बोदसर में पांच मासूम स्कूली बच्चों के साथ बेरहमी की हदें पार कर दी गईं। इन बच्चों का कसूर सिर्फ इतना था कि वे विद्यालय परिसर के पीछे जामुन तोड़ रहे थे। इस बात से नाराज होकर एक स्थानीय महिला ने बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार किया जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया।
रस्सी से बांधकर दी गई खौफनाक सजा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल में मध्याह्न भोजन का समय समाप्त होने के बाद पांच छात्र खेल खेल में स्कूल के पीछे जामुन चुनने के लिए निकल गए। आरोप है कि इसी दौरान शांति देवी नामक स्थानीय महिला ने बच्चों को रंगे हाथों पकड़ लिया। महिला का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने बच्चों को पकड़कर रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उन्हें भीषण गर्मी और तेज धूप में करीब एक घंटे तक खड़ा रखा गया। इस पूरी घटना के दौरान महिला पर बच्चों के साथ बदसलूकी करने और अपशब्द बोलने का भी गंभीर आरोप है। धूप में खड़ा किए जाने के कारण बच्चों की तबीयत भी बिगड़ने की सूचना मिली है।
पुलिस ने बच्चों को कराया मुक्त
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेंद्र कुमार ने तत्परता दिखाई और तुरंत 112 नंबर पर डायल करके पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बच्चों को उस महिला के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चों के साथ हुई इस अमानवीय हरकत को लेकर प्रधानाध्यापक ने लौकरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने संबंधित महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के हर पहलू का पता लगाया जा सके।
https://hindi.news18.com/news/bihar/west-champaran-bagaha-children-tied-up-left-in-sun-for-picking-berries-jamun-ws-l-10707595.html