22 साल पुराने हत्या मामले में मिली सजा तो हुई फरार, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिस ने पकड़ी महिला

महाराष्ट्र के वाशिम की एक महिला ने 22 साल पहले अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी थी। सुप्रीम कोर्ट से सजा बरकरार रहने के बाद वह फरार हो गई थी, जिसे पुलिस ने अब उसके पति की एक सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर गुजरात से गिरफ्तार किया है।

22 साल तक कानून से बचती रही हत्या की आरोपी

महाराष्ट्र के वाशिम जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पुलिस ने 22 साल पहले हुए एक हत्याकांड की दोषी महिला को धर दबोचा है। यह महिला कानूनी कार्यवाही के दौरान कोर्ट से सजा मिलते ही पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गई थी। इतने लंबे समय तक कानून से लुका-छिपी खेलने वाली यह आरोपी अंततः अपने पति द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई एक तस्वीर की वजह से पकड़ी गई। गुजरात पुलिस के सहयोग से वाशिम पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया और महिला को गिरफ्तार कर वापस वाशिम ले आई है।

साल 2004 में हुई थी खौफनाक वारदात

पुलिस जांच में सामने आया है कि 2002 में आरोपी पंचशीला थोरात और तोंडगांव के रहने वाले माधव गोटे के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों काफी समय तक साथ में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। हालांकि, समय बीतने के साथ दोनों के रिश्तों में कड़वाहट घुल गई और विवाद बढ़ने लगा। मामले के अनुसार, 25 जून 2004 को पंचशीला ने सोते हुए माधव पर उस्तरे से घातक हमला किया और सिर पर भारी पत्थर मारकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

अदालती लड़ाई और सजा का ऐलान

इस जघन्य हत्याकांड के बाद वाशिम शहर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पंचशीला को पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसे करीब 6 महीने तक जेल में बिताने पड़े, जिसके बाद उसे जमानत मिल गई। निचली अदालत यानी सत्र न्यायालय ने पंचशीला को दोषी करार दिया था। इसके बाद मामला उच्च न्यायालय में गया, जहां उसकी उम्रकैद की सजा को घटाकर 10 साल कर दिया गया। अंत में सुप्रीम कोर्ट ने भी इसी 10 साल की सजा पर अपनी मुहर लगा दी। जैसे ही अंतिम फैसले के बाद सजा की पुष्टि हुई, महिला मौके से फरार हो गई और पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाई।

पति की सोशल मीडिया पोस्ट बनी काल

फरारी काटने के दौरान पंचशीला गुजरात के खंभालिया शहर में जाकर बस गई थी। वहां उसने अपनी पुरानी पहचान पूरी तरह से बदल ली और दूसरी शादी कर ली। कानून की पकड़ से बचने के लिए उसने कभी भी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। हालांकि, उसका राज तब खुला जब उसके पति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उनकी तस्वीरें साझा कीं। साइबर सेल की टीम ने इन तस्वीरों को ट्रैक किया और उनकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद गुजरात पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

https://www.indiatv.in/maharashtra/live-in-partner-murder-convict-arrested-after-22-years-police-caught-through-her-husband-post-2026-07-17-1231781