कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
हैदराबाद में आयोजित बीजेपी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि सत्ता में आने के लिए छह गारंटियों का वादा किया गया था, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया गया और न ही महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता का वादा पूरा किया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता राज्य के विकास के बजाय सिर्फ दिल्ली दरबार को खुश करने की कोशिश में लगे हुए हैं।
नितिन नवीन ने आगे कहा कि आज तेलंगाना राज्य विकास का इंजन बनने के बजाय कांग्रेस के लिए एक एटीएम मशीन में तब्दील हो गया है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर अभी भी झूठी गारंटियों वाले पोस्टर लगे हुए हैं, लेकिन धरातल पर जनता को इनका कोई लाभ नहीं मिला है।
हिंदू आस्था का अपमान करने का आरोप
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि तेलंगाना की मौजूदा सरकार ने लगातार हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया है। उन्होंने अय्यप्पा स्वामी मंदिर में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जनता इस अपमान का लोकतांत्रिक तरीके से बदला लेगी। उन्होंने याद दिलाया कि जैसे लोगों ने पहले केसीआर और बीआरएस को सबक सिखाया था, उसी तरह अब कांग्रेस की बारी है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद, भ्रष्टाचार और झूठे वादों की राजनीति करने वालों को अब सत्ता से बाहर करने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्षी दल भ्रष्टाचार और परिवारवाद के आधार पर एकजुट हैं, जबकि भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण के बजाय संतुष्टिकरण पर आधारित है।
कार्यकर्ताओं को दिया संघर्ष का मंत्र
बैठक में बीजेपी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए नितिन नवीन ने कहा कि वे यहां सभी को आगामी वर्षों के लिए और अधिक संघर्ष करने का संकल्प दिलाने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को हकीकत में बदलने के लिए सभी को समर्पित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी की सफलता के पीछे विचारधारा, मजबूत नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का त्याग है।
नितिन नवीन ने बीजेपी की ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1980 में पार्टी की स्थापना हुई थी और 1984 के चुनाव में केवल दो सीटें ही मिल सकी थीं। आज कड़ी मेहनत के दम पर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, जिसका पूरा श्रेय जमीनी स्तर पर काम करने वाले बूथ कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने अंत में कहा कि अब पूरे विश्व में तिरंगे का सम्मान बढ़ा है। कश्मीर के लाल चौक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले वहां पाकिस्तान का झंडा लहराया जाता था और दिल्ली की सरकार चुप रहती थी, लेकिन अब वहां तिरंगा लहरा रहा है। यह नए भारत की असली तस्वीर है।
https://www.indiatv.in/india/politics/speaking-at-the-telangana-state-executive-meeting-bjp-president-nitin-nabin-said-the-state-has-been-turned-into-an-atm-for-the-congress-2026-06-30-1228254