स्पेन की भावी रानी का जज़्बा: हजारों फीट की ऊंचाई से लगाई छलांग, 150 साल बाद रचने जा रहीं इतिहास

स्पेन की राजकुमारी लियोनोर ने मिलिट्री पैराशूटिंग स्कूल से पैराट्रूपर ट्रेनिंग पूरी कर ली है। अगर भविष्य में उनका राज्याभिषेक होता है तो स्पेन को करीब 150 साल बाद एक शासक रानी मिल सकती है।

स्पेन की राजकुमारी लियोनोर इन दिनों दुनियाभर में चर्चा के केंद्र में हैं। महज 20 साल की उम्र में वह स्पेन के सिंहासन की उत्तराधिकारी हैं और आने वाले समय में देश की रानी बन सकती हैं। इस बार उन्होंने सुर्खियां इसलिए बटोरी हैं क्योंकि उन्होंने बिसक पैराट्रूपर ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। 50 अन्य कैडेट्स के साथ मिलकर उन्होंने मिलिट्री पैराशूटिंग स्कूल से Cazador Paracaidista बैज अपने नाम किया है।

सिर्फ शाही पहचान नहीं, मेहनत से बढ़ी लोकप्रियता

लियोनोर की बढ़ती लोकप्रियता का कारण केवल उनका शाही परिवार से जुड़ा होना नहीं है, बल्कि उनकी मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व की क्षमता भी है। अगर भविष्य में उनका राज्याभिषेक होता है, तो स्पेन को लगभग 150 साल बाद एक शासक रानी मिल सकती है। यही वजह है कि पूरे देश की निगाहें उन पर टिकी हुई हैं और लोग उन्हें स्पेन की नई पीढ़ी के नेतृत्व का चेहरा मान रहे हैं।

18वें जन्मदिन पर ली थी संविधान की शपथ

अक्टूबर 2023 में अपने 18वें जन्मदिन के मौके पर लियोनोर ने स्पेन की संसद में संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली थी। इस समारोह को स्पेन के संवैधानिक इतिहास का एक अहम पल माना गया। इस शपथ के जरिए उन्होंने यह संकेत दिया कि वह भविष्य में अपनी शाही जिम्मेदारियां संभालने के लिए तैयार हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने स्पैनिश आर्म्ड फोर्सेज से प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया।

तीनों सेनाओं का तीन साल का प्रशिक्षण

शपथ लेने के बाद लियोनोर ने सैन्य प्रशिक्षण की शुरुआत की। यह तीन साल का विशेष कार्यक्रम है, जिसके तहत वह थल सेना, नौसेना और वायुसेना तीनों का प्रशिक्षण ले रही हैं। इस ट्रेनिंग का मकसद उन्हें आगे चलकर सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर की भूमिका के लिए तैयार करना है।

17 साल की उम्र में सैन्य अकादमी में प्रवेश

लियोनोर ने 17 साल की उम्र में जारागोजा स्थित सैन्य अकादमी में दाखिला लेकर अपने सैन्य करियर की नींव रखी। यहां उन्होंने सैनिक जीवन के नियमों, अनुशासन और नेतृत्व की बारीकियों को सीखा। बाकी कैडेट्स की तरह ही उन्होंने भी कठिन प्रशिक्षण को पूरा किया।

थल सेना से नौसेना तक का सफर

थल सेना का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वह नौसेना से जुड़ीं। इस दौरान उन्होंने कई महीनों तक चलने वाली समुद्री प्रशिक्षण यात्रा में हिस्सा लिया। इस अनुभव से उन्हें समुद्री सुरक्षा और सैन्य संचालन की व्यावहारिक समझ मिली।

रात में लगाई पैराशूट जंप, की सोलो उड़ान भी

पिछले साल सितंबर से लियोनोर वायुसेना के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं। हाल ही में उन्होंने सैन्य पैराशूट प्रशिक्षण भी पूरा किया और कई सफल छलांगें लगाईं, जिनमें रात के समय की एक पैराशूट जंप भी शामिल रही। इसके साथ ही वह अपनी पहली सोलो उड़ान भी पूरी कर चुकी हैं।

शाही सुविधाओं से दूर, कैडेट्स जैसी कठोर दिनचर्या

रिपोर्टों के मुताबिक प्रशिक्षण के दौरान लियोनोर को कोई खास शाही सुविधा नहीं दी जाती। वह दूसरे कैडेट्स की तरह ही सख्त दिनचर्या का पालन करती हैं। यही कारण है कि सैन्य अधिकारियों और आम लोगों के बीच उनकी छवि एक मेहनती और जिम्मेदार युवती की बन चुकी है।

शर्मीली पर बेहद समझदार और दृढ़निश्चयी

स्पेनिश मीडिया के अनुसार लियोनोर स्वभाव से थोड़ी शर्मीली हैं, लेकिन उन्हें बेहद समझदार, संतुलित, दृढ़ निश्चयी और व्यवस्थित माना जाता है। उन्होंने सर्वाइवल ट्रेनिंग भी सफलतापूर्वक पूरी की है और उनकी शारीरिक फिटनेस की भी खूब सराहना होती है।

युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनीं लियोनोर

विशेषज्ञों का मानना है कि लियोनोर की शिक्षा, सैन्य प्रशिक्षण और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता स्पेन की राजशाही को नई मजबूती दे सकती है। हालांकि उनके रानी बनने में अभी समय है, लेकिन जिस तरह से उन्हें तैयार किया जा रहा है, उससे साफ है कि स्पेन उन्हें एक सक्षम, आधुनिक और जिम्मेदार शासक के रूप में देखना चाहता है। आज सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं और वह युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी हैं।

https://hindi.news18.com/world/rest-of-world-spain-princess-leonor-makes-parachute-jump-ready-to-make-history-as-queen-after-150-years-watch-pictures-2-photogallery-10540134.html