सऊदी अरामको का हेलिकॉप्टर हुआ हादसे का शिकार
रविवार को सऊदी अरब के रास तनुरा में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां सऊदी अरामको कंपनी का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई है। सऊदी अधिकारियों ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है कि दुर्घटना के शिकार हुए सभी 14 पीड़ित सऊदी अरब के नागरिक थे। फिलहाल हेलिकॉप्टर के गिरने के पीछे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद से प्रशासन की ओर से पीड़ितों की पहचान या हादसे के सटीक हालातों को लेकर अभी तक कोई विस्तृत ब्यौरा साझा नहीं किया गया है।
घटना की गहन जांच के निर्देश
हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और इस बात की जांच शुरू कर दी गई है कि आखिर यह विमान किन परिस्थितियों में दुर्घटना का शिकार हुआ। अधिकारियों का कहना है कि अभी हादसे के कारणों पर कोई भी निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, मामले से जुड़ी अधिक जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने इस जानलेवा दुर्घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है। मंत्रालय ने उन सभी लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना जताई है जिन्होंने इस हादसे में अपने परिजनों को खोया है।
एक आधिकारिक बयान में सऊदी प्रेस एजेंसी (SPA) के माध्यम से ऊर्जा मंत्रालय ने कहा है कि वे मृतकों की आत्मा की शांति और उनके परिवारों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं। मंत्रालय ने अपने शोक संदेश में कहा, हम मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हैं। हम सर्वशक्तिमान ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे दिवंगत आत्माओं पर कृपा करें और उन्हें क्षमा करें। बता दें कि यह दुर्घटना रास तनुरा में हुई, जो पश्चिम एशियाई क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण तेल रिफाइनरियों में से एक मानी जाती है। यह स्थान सऊदी अरामको के प्रमुख परिचालन केंद्रों में गिना जाता है और दुनिया के सबसे बड़े कच्चे तेल निर्यात टर्मिनलों में से एक के तौर पर अपनी पहचान रखता है।
सऊदी अरामको का हवाई परिचालन
सऊदी अरामको कंपनी का हवाई संचालन का इतिहास काफी लंबा रहा है। कंपनी ने वर्ष 1934 से अपने कार्यों के लिए विमानों का उपयोग करना शुरू कर दिया था, जब पहली बार एक विमान के जरिए एरियल मैपिंग का काम किया गया था। कंपनी ने अपने एविएशन डिवीजन को साल 2023 में एक अलग सहायक कंपनी के रूप में स्थापित किया था, जिसे बाद में 'अलौला एविएशन' का नाम दिया गया। वर्तमान समय में कंपनी के पास 60 से अधिक विमानों का एक बड़ा बेड़ा है, जो पूरे सऊदी अरब में लॉजिस्टिक्स, मेडिकल इवैक्यूएशन और ऑफशोर ऑपरेशंस जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद करता है।
https://www.indiatv.in/world/asia/several-people-killed-after-saudi-aramco-helicopter-crash-in-ras-tanura-2026-06-28-1227881