TET पेपर लीक पर महाराष्ट्र सरकार सख्त, देवेंद्र फडणवीस ने SIT जांच के दिए आदेश

महाराष्ट्र में TET परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए SIT का गठन कर दिया है और आगामी परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।

SIT करेगी पेपर लीक की जांच

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने TET पेपर लीक मामले को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। इस पूरे मामले की गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल यानी SIT के गठन का आदेश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे और डीजीपी सदानंद दाते के साथ इस विषय पर चर्चा की और स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

हिरासत में लिए गए 3 संदिग्ध

TET परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण में पुलिस ने अब तक कुल 3 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने इसे प्राथमिकता पर लिया है और इसकी जड़ तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इस घटनाक्रम के बाद 28 जून को आयोजित होने वाली TET परीक्षा को फिलहाल रद्द कर दिया गया है ताकि किसी भी परीक्षार्थी के साथ अन्याय न हो।

भिवंडी में पुलिस ने बिछाया जाल

ठाणे के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक दुधे ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग भिवंडी क्षेत्र में TET परीक्षा के पेपर को बेचने के इरादे से आने वाले हैं। इस सूचना के मिलते ही पुलिस की एक टीम ने कोंगांव इलाके में घेराबंदी की और 3 संदिग्धों को दबोच लिया।

बरामद हुए असली प्रश्नपत्र

पुलिस की पूछताछ और तलाशी के दौरान इन आरोपियों के पास से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नकदी, मोबाइल फोन के अलावा 4 प्रश्नपत्र बरामद किए गए हैं। जब शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इन बरामद प्रश्नपत्रों की जांच की, तो यह पुष्टि हो गई कि ये 28 जून को होने वाली परीक्षा के वास्तविक पेपर थे।

दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

फिलहाल तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क कितना फैला हुआ है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक दुधे ने स्पष्ट किया है कि जांच में जिस किसी का भी नाम सामने आएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा स्थगित करने का फैसला

भिवंडी पुलिस द्वारा दी गई जानकारी और तथ्यों के आधार पर महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद यानी MSCE ने बड़ा फैसला लिया है। 28 जून को राज्य के कुल 1 हजार 28 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली TET परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।

https://www.indiatv.in/maharashtra/maharashtra-cm-devendra-fadnavis-orders-sit-probe-into-tet-paper-leak-case-2026-06-27-1227752