कर्नाटक से राज्यसभा पहुंच सकते हैं खरगे और पवन खेड़ा, तमिलनाडु-मध्य प्रदेश के लिए भी ये नाम चर्चा में सबसे आगे

कांग्रेस राज्यसभा सीटों को लेकर नए नामों पर मंथन कर रही है। कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खरगे और पवन खेड़ा, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और मध्य प्रदेश से किसी महिला नेता के नाम पर विचार चल रहा है।

नई दिल्ली: राज्यसभा की सीटों को लेकर कांग्रेस के भीतर अब नए सियासी समीकरण आकार ले रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार कर्नाटक से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, मंसूर अली खान और पवन खेड़ा को उच्च सदन में भेजे जाने पर विचार किया जा रहा है। इन तीनों नेताओं के नामों पर पार्टी के भीतर गंभीर चर्चा चल रही है। पवन खेड़ा के राज्यसभा पहुंचने को लेकर अटकलें काफी समय से लगाई जाती रही हैं।

इन चेहरों पर भी टिकी हैं नजरें

राजस्थान से नीरज डांगी की दोबारा वापसी की संभावना जताई जा रही है और माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें एक और अवसर दे सकती है। मध्य प्रदेश से पार्टी किसी महिला नेता को उच्च सदन भेजने पर विचार कर रही है, जिसमें शोभा ओझा और मीनाक्षी नटराजन जैसे नाम चर्चा में हैं। हालांकि कमलनाथ भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा जाने की इच्छा रखते हैं। वहीं तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से किसी स्थानीय नेता के नाम पर मंथन जारी है।

तमिलनाडु के सीएम विजय ने कांग्रेस को सौंपी सीट

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने राज्यसभा की अपनी एकमात्र खाली सीट गठबंधन सहयोगी कांग्रेस को दे दी है। राजनीतिक हलकों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि पार्टी के रणनीतिकार प्रवीण चक्रवर्ती कांग्रेस के उम्मीदवार बन सकते हैं। चक्रवर्ती को कांग्रेस और TVK के बीच गठबंधन को आकार देने में अहम भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है, जिसने राज्य के राजनीतिक परिदृश्य को बदल कर रख दिया। यह सीट AIADMK नेता CV शनमुगम के तमिलनाडु विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद संसद से इस्तीफा देने से खाली हुई थी। इस सीट पर 18 जून को राज्यसभा का उपचुनाव होगा। उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में कांग्रेस के पास केवल पांच विधायक हैं, जबकि टीवीके के पास 107 विधायक हैं।

18 जून को 27 सीटों पर होगा मतदान

गौरतलब है कि राज्यसभा की कुल 27 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें 10 राज्यों में रिटायरमेंट से खाली हुई 24 सीटें और महाराष्ट्र, तमिलनाडु तथा ओडिशा में इस्तीफों के चलते रिक्त हुई तीन सीटों पर उपचुनाव शामिल हैं। इन सभी 27 सीटों के लिए मतदान 18 जून को कराया जाएगा और मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे के बाद होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून (दोपहर 3 बजे तक) तय की गई है। अधिसूचना के मुताबिक, नामांकन पत्रों की जांच संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा 9 जून को की जाएगी, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 11 जून निर्धारित की गई है।

https://www.indiatv.in/india/politics/mallikarjun-kharge-pawan-khera-neeraj-dangi-mansoor-ali-khan-kamal-nath-and-praveen-may-be-congress-candidate-of-rajyasabha-2026-06-04-1222974