सीमा पर तनाव और पथराव की घटना
बिहार के जोगबनी इलाके में मोहर्रम के मौके पर माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब चाणक्य चौक स्थित करबला मैदान में अचानक अफरा तफरी मच गई। यह घटना तब शुरू हुई जब नेपाल के मटियरवा (रानी) से ताज़िया के साथ आए जुलूस में शामिल लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस में शामिल उपद्रवियों ने लुक्का फेंकने के साथ ही पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे वहां मौजूद स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
भारत में प्रवेश रोकने पर बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह मोहर्रम जुलूस को भारत की सीमा में प्रवेश करने से रोका जाना बताया जा रहा है। जैसे ही जोगबनी के लोगों ने जुलूस को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, नेपाल की तरफ से आए लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और नेपाल की सीमा की ओर से भारतीय क्षेत्र में पथराव किया जाने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक नेपाल बॉर्डर के पास स्थिति काफी गंभीर हो चुकी थी।
सुरक्षा बलों की तैनाती और शांति बहाली
उपद्रव की सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी (SSB) के जवान मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा बलों ने कड़ा रुख अपनाते हुए बल प्रयोग किया, जिसके बाद उपद्रवी वापस नेपाल की ओर भाग खड़े हुए। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जोगबनी के कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार, जोगबनी थानाध्यक्ष महादेव कामत और एसएसबी के अधिकारी हरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
फिलहाल, घटना के बाद करबला मैदान पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो चुका है। किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर चाणक्य चौक और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह से सामान्य और नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से चौकसी बरती जा रही है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/araria-stone-pelting-during-muharram-procession-in-jogbani-tension-at-karbala-ground-ws-l-10606360.html