यूपी में बड़ा फेरबदल: 200 से अधिक डिप्टी एसपी के तबादले, कई जिलों में नए पुलिस उपाधीक्षक तैनात

उत्तर प्रदेश सरकार ने दो सौ से अधिक पुलिस उपाधीक्षकों का स्थानांतरण कर दिया है, जिसके चलते कई जिलों में नए डिप्टी एसपी की तैनाती हुई है। इससे पहले पिछले महीने 44 एडिशनल एसपी के भी तबादले किए गए थे।

उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने एक साथ दो सौ से अधिक पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। जारी की गई सूची के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में डिप्टी एसपी बदल दिए गए हैं और नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

किस जिले में किसे मिली कमान

तबादला सूची के मुताबिक, जितेंद्र कुमार को शाहजहांपुर का डिप्टी एसपी नियुक्त किया गया है। अनुरूद्ध कुमार को महोबा और अभिषेक सिंह को बलरामपुर का पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। पंकज पंत को रामपुर की कमान सौंपी गई है, जबकि शिव ठाकुर को सहारनपुर और अमित कुमार को मीरजापुर का पुलिस उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है।

पवन कुमार वर्मा को एलआईयू अयोध्या के पुलिस उपाधीक्षक का चार्ज दिया गया है। इसके अलावा रवि प्रकाश सिंह को फतेहपुर, रत्नेश्वर सिंह को झांसी, अभिषेक कुमार यादव को खीरी, धर्मेंद्र कुमार सिंह को कानपुर देहात और हेमंत उपाध्याय को बरेली का पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है।

इन अधिकारियों को नई तैनाती

सूची के अनुसार प्रवीण कुमार तिवारी को मथुरा का पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। वहीं हर्षित चौहान को सीतापुर, रविंद्र कुमार सिंह को महराजगंज, मुनीश चंद्र को हापुड़ और रजनीश कुमार उपाध्याय को कासगंज का पुलिस उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है।

पिछले महीने हुए थे एएसपी के तबादले

इससे पहले बीते महीने सरकार ने 44 एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (एएसपी) का तबादला किया था। इनमें से 33 अधिकारी ऐसे थे, जिन्हें हाल ही में डिप्टी एसपी से प्रमोट कर एडिशनल एसपी रैंक दी गई थी और नई जगहों पर भेजा गया था। अभय मिश्रा को विजिलेंस डिपार्टमेंट से नोएडा स्थानांतरित किया गया, वहीं स्वयं सिंह को भी पदोन्नति के बाद नोएडा में ही तैनाती मिली। तनु उपाध्याय को कानपुर में पीएसी की 37वीं बटालियन में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया, जबकि इससे पूर्व वह इसी यूनिट में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर कार्यरत थीं।

'लेडी सिंघम' श्रेष्ठा ठाकुर को एटीएस में जिम्मेदारी

श्रेष्ठा ठाकुर को लखनऊ में एटीएस में एएसपी के पद पर तैनात किया गया है। 'लेडी सिंघम' के नाम से चर्चित श्रेष्ठा इससे पहले बागपत में एएसपी के रूप में कार्यरत थीं। मूल रूप से उन्नाव की रहने वाली श्रेष्ठा ने वर्ष 2012 में यूपीपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

श्रेष्ठा पहली बार वर्ष 2017 में सुर्खियों में आई थीं, जब वह बुलंदशहर में सीओ के पद पर तैनात थीं। उस दौरान चालान काटने को लेकर एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता के साथ उनकी तीखी बहस का वीडियो खूब वायरल हुआ था। बाद में उनका तबादला नेपाल सीमा के नजदीक स्थित बहराइच कर दिया गया था।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/deputy-sps-change-in-several-districts-over-200-deputy-superintendents-of-police-transferred-see-full-list-2026-06-04-1222945