मंडप में बिगड़ा माहौल
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कोसमंदा में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दुल्हन ने फेरों से ठीक पहले शादी तोड़ दी। 23 जून को खोखरा गांव से बारात पूरे लाव-लश्कर के साथ कोसमंदा पहुंची थी। शुरुआत में रस्में सामान्य तरीके से चल रही थीं, लेकिन मुख्य विवाह अनुष्ठान के दौरान दूल्हे की करतूत सामने आ गई।
शराब के नशे में लड़खड़ा रहा था दूल्हा
दूल्हे संतकुमार राय ने बारात पहुंचने के बाद अपने साथियों के साथ जमकर शराब पी रखी थी। जब उसे सात फेरों के लिए मंडप में बुलाया गया, तो उसके पैर डगमगा रहे थे। वह शादी की रस्मों को निभाने की हालत में भी नहीं था। अपनी खराब हालत के कारण वह मंडप में ठीक से बैठ भी नहीं पा रहा था।
दुल्हन का साहसी फैसला
दूल्हे की ऐसी हालत देखकर दुल्हन मुस्कान ने कड़ा रुख अपनाया। उसने समाज और लोक-लाज की परवाह न करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह एक शराबी से शादी करके अपनी जिंदगी बर्बाद नहीं कर सकती। लड़की के इस फैसले का समर्थन उसके परिजनों ने भी किया और वधू पक्ष ने तुरंत शादी की रस्मों को रोक दिया।
पुलिस तक पहुंची बात
शादी टूटने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसे देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद बारात को बिना दुल्हन के ही वापस खोखरा लौटना पड़ा। अब पूरे इलाके में मुस्कान के इस साहसी कदम की तारीफ हो रही है।
https://hindi.news18.com/news/chhattisgarh/janjgir-brave-bride-muskan-refused-to-marry-drunk-groom-santkumar-rai-kosmanda-village-khokhra-barat-returned-bizarre-wedding-local18-10601204.html