गुजराती रंगमंच पर शोक की लहर
गुजराती थिएटर और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तारक मेहता का उल्टा चश्मा में बाघा की भूमिका निभाने वाले मशहूर अभिनेता तन्मय वेकारिया के पिता और दिग्गज गुजराती अभिनेता व निर्देशक अरविंद वेकारिया अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन से अभिनय जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अरविंद वेकारिया अपने पीछे एक शानदार कलात्मक विरासत छोड़ गए हैं, जिसे उनके प्रशंसक और सहकर्मी हमेशा याद रखेंगे।
शो में निभाई थी यादगार भूमिका
अरविंद वेकारिया ने न केवल गुजराती मंच पर अपनी धाक जमाई थी, बल्कि वे लोकप्रिय टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में भी नजर आए थे। दर्शकों को याद होगा कि जब शो में आत्माराम तुकाराम भिड़े एक बड़े आर्थिक संकट के चलते गहने गिरवी रखने सुनार के पास गए थे, तब सुनार की वह महत्वपूर्ण भूमिका खुद तन्मय वेकारिया के पिता अरविंद ने ही निभाई थी।
परिवार के लिए कठिन दौर
तन्मय वेकारिया के लिए यह समय बेहद पीड़ादायक है। परिवार अभी अपनी मां के निधन के गम से पूरी तरह उभर भी नहीं पाया था, जिनका निधन साल 2025 में हुआ था, कि अब पिता के जाने का वज्रपात हुआ है। सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दुखद खबर को शो के पूर्व निर्देशक मालव राजदा और तन्मय वेकारिया ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किया है। हाल ही में शूटिंग के दौरान तन्मय का एक भावुक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वे अपने परिवार की चर्चा करते हुए कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़े थे, जिसे देख शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने उन्हें संभाला था।
अभिनय का लंबा सफर
अरविंद वेकारिया का अभिनय करियर दशकों लंबा रहा। उन्होंने गुजराती सिनेमा में अपनी कला का लोहा मनवाया, जिनमें प्रमुख फिल्में निम्न हैं:
- यशोदा
- छानू चमकलो
- रुपियो नाच नचावे
क्षेत्रीय सिनेमा के अलावा, अरविंद वेकारिया ने हिंदी दर्शकों के बीच भी अपनी पहचान बनाई थी। वे लोकप्रिय सुपरहीरो शो शक्तिमान का भी हिस्सा रहे थे। तन्मय वेकारिया हमेशा अपने पिता को ही अपनी प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत मानते थे। एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया था कि कैसे कांदिवली के एक मध्यमवर्गीय परिवार में पले-बढ़े तन्मय के अंदर अभिनय की चिंगारी अपने पिता को मंच पर परफॉर्म करते हुए देखकर ही जगी थी।
https://www.indiatv.in/entertainment/tv/taarak-mehta-ka-ooltah-chashmah-veteran-actor-arvind-vekaria-passes-away-was-bagha-aka-tanmay-vekaria-real-father-2026-06-24-1227170