घटना की जानकारी
22 जून को दिल्ली से अमृतसर जा रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI479 के साथ एक अजीब वाकया पेश आया। विमान के चालक दल ने बताया कि अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने के प्रयास यानी 'गो-अराउंड' के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह कुछ देर के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र की सीमा में प्रवेश कर गया। एयर इंडिया प्रबंधन ने इस मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने संबंधित नियामक संस्था को इसकी सूचना दे दी है और कंपनी स्तर पर मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।
डीजीसीए ने दिया स्पष्टीकरण
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय DGCA ने इस घटना के कारणों का विस्तार से ब्योरा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक:
- 22 जून 2026 को एयर इंडिया की उड़ान AI 479, जो कि एयरबस 321 विमान (VT-PPV) थी, उसे अमृतसर में लैंडिंग के लिए निर्देशित किया गया था।
- उसी दौरान हवाई अड्डे पर एक पक्षी के टकराने यानी बर्ड स्ट्राइक की घटना सामने आई, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से रनवे के निरीक्षण का निर्णय लिया गया।
- निरीक्षण के कारण विमान को हवा में ही होल्ड पर रखा गया। इसी दौरान रडार वेक्टरिंग की प्रक्रिया में विमान गलती से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में दाखिल हो गया।
सुरक्षित वापसी
DGCA ने बताया कि जैसे ही विमान के पाकिस्तानी सीमा में जाने की जानकारी मिली, तत्काल प्रभाव से पाकिस्तान के ATC अधिकारियों के साथ संपर्क और समन्वय स्थापित किया गया। विमान को बाद में सुरक्षित दिल्ली की ओर डायवर्ट कर दिया गया, जहां वह पूरी तरह से सुरक्षित तरीके से लैंड हो गया। इस दौरान किसी भी तरह की कोई बड़ी तकनीकी समस्या या यात्री सुरक्षा से जुड़ी चिंता की सूचना नहीं है।
https://www.indiatv.in/india/national/air-india-flight-entered-pakistani-airspace-during-a-go-around-dgca-issues-statement-know-details-2026-06-24-1227185