तमिलनाडु सरकार का बड़ा ऐलान: राज्य में जन्मे हर नवजात शिशु को मिलेगी सोने की अंगूठी

मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए एक अनूठी योजना शुरू की है, जिसके तहत उन्हें उपहार स्वरूप सोने की अंगूठी दी जाएगी।

नवजात शिशुओं के लिए शुरू होगी खास योजना

मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार ने प्रदेश में जन्मे नवजात शिशुओं के लिए एक नई और आकर्षक पहल की घोषणा की है। सरकार द्वारा थाइमामन थंगा मोथिरम थिट्टम नामक योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में पैदा होने वाले हर बच्चे को एक ग्राम की सोने की अंगूठी उपहार में दी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी और प्रबंधन के लिए सरकार एक विशेष राज्य परियोजना/कार्यक्रम प्रबंधन इकाई का गठन करने जा रही है।

सांस्कृतिक परंपरा के रूप में मिलेगी अंगूठी

इस योजना के पीछे मुख्य उद्देश्य सांस्कृतिक परंपरा 'थाईमामन सीर' को बढ़ावा देना है, जिसमें मामा अपने भांजे या भांजी को उपहार देते हैं। सरकार का कहना है कि वे इस योजना के माध्यम से राज्य के हर नवजात शिशु के लिए मामा की भूमिका निभाएंगे। वर्तमान बाजार दर के अनुसार, एक ग्राम सोने की अंगूठी की कीमत लगभग 13,600 रुपये आंकी गई है। सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह उपहार बच्चे के जन्म की खुशी और मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है।

कब से प्रभावी होगी यह योजना

इस योजना की आधिकारिक शुरुआत 15 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री सी.एन.अन्नादुरई की जयंती के अवसर पर की जाएगी। हालांकि, सरकार के नियमों के अनुसार इसे 22 जून से ही लागू माना गया है। यह घोषणा मुख्यमंत्री विजय द्वारा विधानसभा चुनावों के दौरान जनता से किए गए वादों का हिस्सा है।

बजट और पार्टी की स्थिति

मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय द्वारा स्थापित पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने विधानसभा चुनावों में 107 सीटें हासिल कर कांग्रेस, वीसीके, आईयूएमएल और वामदलों के सहयोग से गठबंधन सरकार का गठन किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार ने प्रति वर्ष लगभग 755.83 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।

https://www.indiatv.in/india/national/tamil-nadu-government-gold-ring-given-to-every-newborn-cm-vijay-formed-dedicated-team-implement-the-scheme-2026-06-24-1227102