गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा
मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र में स्थित बकचपरा गंगा घाट पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार की सुबह गंगा स्नान करने और जल भरने के लिए गईं 5 किशोरियां नदी के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गईं। इस हादसे में डूबी लड़कियों में 4 सगी बहनें भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कौन हैं हादसे का शिकार हुईं किशोरियां
मिली जानकारी के अनुसार, डूबने वाली किशोरियों में बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की 4 बेटियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी शामिल हैं। इनके साथ ही पड़ोसी चमन लाल पासवान की बेटी हिना कुमारी भी गंगा की धारा में बह गईं।
एक का शव बरामद, बाकी की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों द्वारा बचाव अभियान चलाया गया। काफी कोशिशों के बाद संगीता कुमारी का शव बरामद कर लिया गया है, जिसे अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, बाकी 4 लड़कियों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
प्रशासन का सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम नाव और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार खोजबीन कर रही है। प्रशासन ने पूरे मामले पर नजर रखी हुई है और लापता किशोरियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जोर-शोर से चल रहा है। इस घटना ने घाटों पर सुरक्षा के इंतजामों को लेकर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बकचपरा गांव में इस दुखद खबर के बाद से शोक की लहर है।
https://www.indiatv.in/bihar/tragic-mishap-at-munger-ganga-ghat-5-girls-drown-during-bath-4-sisters-among-victims-one-body-recovered-2026-06-24-1227083