ईठा का धमाकेदार टीजर जारी
लंबे समय से चर्चा में रही श्रद्धा कपूर की फिल्म ईठा का टीजर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। फिल्म के प्रति दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे पहले फिल्म का टीजर कुछ चुनिंदा सिनेमाघरों में कॉकटेल के साथ प्रदर्शित किया गया था, जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इसके लुक की चर्चा जोरों पर थी। अब आधिकारिक टीजर सामने आने के बाद फैंस श्रद्धा के इस धांसू अंदाज के दीवाने हो गए हैं।
टीजर में नजर आया श्रद्धा का दम
सामने आए टीजर में तमाशे का मंच सजा है और कलाकार लावणी पेश कर रहे हैं। इसी बीच ईठा को बुलाने की आवाज आती है। टीजर में श्रद्धा कपूर को प्रसव पीड़ा से गुजरते हुए दिखाया गया है, जहां बच्चे को जन्म देने के तुरंत बाद वह मंच पर उतरने का फैसला लेती हैं। जब उन्हें रोकने की कोशिश की जाती है, तो वह कहती हैं, पड़े पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी पर नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी। टीजर के अंत में एक प्रभावशाली संवाद सुनाई देता है, पान में पान चखना हो तो मीठा, तूफान को नाचते हुए देखना हो तो ईठा।
दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया
फिल्म के टीजर को सोशल मीडिया पर काफी सराहना मिल रही है। दर्शक श्रद्धा कपूर के मराठी लुक और उनके अभिनय की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का मानना है कि श्रद्धा का यह अवतार काफी दमदार है और वह इस भूमिका में पूरी तरह ढल गई हैं।
क्या है ईठा की कहानी?
यह फिल्म महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की बायोपिक है। फिल्म में श्रद्धा मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म के जरिए महाराष्ट्र की पारंपरिक तमाशा कला और वहां के सांस्कृतिक इतिहास को दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। फिल्म की पृष्ठभूमि 1950 और 1980 के दशक के बीच की है, जिसमें विठाबाई के संघर्ष और उनके योगदान को 3 घंटे की अवधि में दिखाया जाएगा।
कास्ट और रिलीज की जानकारी
फिल्म ईठा में श्रद्धा कपूर के साथ-साथ रणदीप हुड्डा भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा नाना पाटेकर और मोहम्मद जीशान अय्यूब जैसे दिग्गज कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं और इसे दिनेश विजान के मैडॉक फिल्म्स बैनर के तहत बनाया जा रहा है। यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/eetha-teaser-want-to-see-storm-dance-look-at-eetha-shraddha-kapoor-fierce-avatar-take-internet-by-storm-captivated-with-charm-2026-06-23-1226916