शादी के मंडप में हुआ बड़ा विवाद
पूर्वी चम्पारण जिले के सुगौली थाना इलाके के बेलवतिया गांव में सोमवार की रात खुशियों का माहौल अचानक तनाव में बदल गया। दरअसल, शादी की रस्मों के दौरान जब लड़की को गहने दिए गए, तो वे नकली निकले। इस बात का पता चलते ही लड़की के परिवार ने शादी करने से साफ मना कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि रातभर बाराती गांव में ही फंसे रहे और शादी टूट गई।
कैसे शुरू हुई गहनों की जांच
बारात नेपाल के बारा जिले के परसोतीपुर गांव से सुभाष कुमार की आई थी, जो युगल सहनी के पुत्र हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था, जयमाला की रस्म पूरी हो चुकी थी और सिंदूरदान की तैयारी चल रही थी। तभी नेग की रस्म के दौरान दिए गए जेवरों की जांच की गई, जिसमें उनके नकली होने का खुलासा हुआ। दुल्हन के पिता लक्ष्मीनारायण सहनी का कहना है कि उन्होंने शादी से पहले तय की गई नकद राशि और अन्य उपहार भी दे दिए थे, लेकिन जेवरों में हुई इस धोखाधड़ी के बाद उन्होंने इस रिश्ते को आगे न बढ़ाने का फैसला किया।
खर्च की भरपाई पर अड़ा लड़की पक्ष
दुल्हन के परिवार का आरोप है कि विवाह के आयोजन, खाने-पीने और सजावट में उनका काफी पैसा खर्च हुआ है। लड़की पक्ष ने मांग रखी है कि जब तक लड़का पक्ष शादी में हुआ सारा खर्च वापस नहीं कर देता, तब तक बारातियों को वापस नहीं जाने दिया जाएगा। इस घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और रातभर दोनों पक्षों के बीच बहस का दौर चलता रहा।
पुलिस और पंचायत ने किया हस्तक्षेप
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पंचायत भी बिठाई गई, ताकि विवाद का कोई हल निकल सके। हालांकि मंगलवार तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी और दोनों पक्ष अपनी-अपनी बातों पर अड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में बातचीत के जरिए मामला सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
https://www.indiatv.in/bihar/sugauli-wedding-called-off-over-fake-jewelry-high-voltage-drama-unfolds-all-night-in-belvatiya-village-2026-06-23-1226940