ओम पुरी की निजी जिंदगी और सीमा कपूर का खुलासा
दिवंगत अभिनेता ओम पुरी ने अपनी बेहतरीन अदाकारी से हिंदी सिनेमा के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नाम कमाया, लेकिन उनकी निजी जिंदगी हमेशा चर्चा का विषय रही। जनवरी 2017 में दुनिया को अलविदा कह चुके ओम पुरी ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी सीमा कपूर ने हाल ही में एक बातचीत के दौरान अपनी शादी के टूटने के पीछे की सच्चाई साझा की है। उन्होंने बताया कि कैसे 11 साल तक डेट करने के बाद हुई उनकी शादी में दरार आई और वे किस दौर से गुजरी थीं।
तलाक के दौरान गर्भवती थीं सीमा कपूर
सीमा कपूर ने बताया कि जब ओम पुरी और उनके बीच नजदीकियां कम होने लगीं और रिश्ते में कड़वाहट आई, तब वह गर्भवती थीं। सीमा के अनुसार, उस वक्त ओम पुरी की नजदीकियां नंदिता पुरी के साथ बढ़ रही थीं, जिसके कारण उनका तलाक हो गया। उस समय सीमा न केवल अपने पति से अलग हो रही थीं, बल्कि उन्हें अपने होने वाले बच्चे को भी खोने का गहरा सदमा झेलना पड़ा।
कानूनी लड़ाई से दूर रहना चाहती थीं सीमा
सीमा ने खुलासा किया कि उनके भाई और अभिनेता अन्नू कपूर समेत पूरा परिवार चाहता था कि वह ओम पुरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। सीमा ने कहा, 'अन्नू भाई मुझसे बहुत प्यार करते हैं और वे मुझे दुख में नहीं देख सकते थे, इसलिए वे चाहते थे कि मैं कानूनी रास्ता अपनाऊं। लेकिन, मैं किसी भी तरह की कानूनी जंग के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी।' सीमा का मानना था कि अगर वह कानूनी लड़ाई लड़तीं, तो उनके रिश्ते की बची-खुची गुंजाइश भी पूरी तरह खत्म हो जाती।
बच्चे को खोने का दर्द
अपने उस दौर को याद करते हुए सीमा कपूर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि तलाक और बच्चे को खोना एक साथ घटित होने वाली दो बड़ी त्रासदी थीं। उन्होंने कहा, 'मेरे लिए वह बच्चा उस वक्त सबसे ज्यादा जरूरी था, क्योंकि मुझे एहसास था कि ओम पुरी वापस नहीं आएंगे। दुर्भाग्य से, वह बच्चा भी नहीं बचा।' सीमा ने यह भी साझा किया कि उस कठिन समय में वह अपने होने वाले बच्चे को खत लिखा करती थीं और खुद ही जवाब भी देती थीं, ताकि इस गहरे जख्म से उबर सकें।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/om-puri-first-seema-kapoor-recalls-how-she-lost-unborn-child-inside-womb-due-to-actor-extra-marital-affair-2026-06-23-1226837