सीबीएसई 12वीं रिजल्ट: कॉपी री-चेक के बाद अवनी बनीं टॉपर, 500 में से मिले पूरे 500 अंक

झारखंड की छात्रा अवनी केजरीवाल ने सीबीएसई 12वीं की पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में अपने अंकों में सुधार के साथ 100 प्रतिशत स्कोर हासिल किया है।

री-इवैल्युएशन में बदली किस्मत

सीबीएसई 12वीं कक्षा के पुनर्मूल्यांकन यानी री-इवैल्युएशन के नतीजों ने झारखंड की एक छात्रा की सफलता की कहानी बदल दी है। रांची की अवनी केजरीवाल ने जब दोबारा अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करवाई, तो उनके कुल अंकों में 24 अंकों का इजाफा हुआ। इसके साथ ही अब उनका कुल स्कोर 500/500 यानी पूरे 100 प्रतिशत हो गया है।

अंग्रेजी और बिजनेस स्टडीज में बढ़े अंक

अवनी केजरीवाल ने बताया कि पहले उन्हें अंग्रेजी विषय में 19 अंक कम मिले थे, जबकि यह उनका सबसे मजबूत विषय था। इसी तरह बिजनेस स्टडीज में भी उनके 5 अंक कटे थे। शेष तीन विषयों में उन्हें पहले से ही 100-100 अंक प्राप्त थे। उन्होंने कहा कि उन्हें 500 में से 500 अंकों की उम्मीद नहीं थी, लेकिन परिवार में इस नतीजे से काफी खुशी का माहौल है। अवनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मेंटर को दिया है।

कौन हैं अवनी केजरीवाल

अवनी धुर्वा स्थित डीपीएस सेल टाउनशिप की छात्रा हैं। उनके पिता मितेश केजरीवाल एक व्यवसायी हैं और मां पूनम केजरीवाल एक गृहिणी हैं। उनके माता-पिता के अनुसार, अवनी अपनी पढ़ाई को लेकर हमेशा से गंभीर रही हैं। अवनी का सपना भविष्य में बिजनेस मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाने का है और इसके लिए उन्होंने CUET UG 2026 की परीक्षा भी दी है।

सीबीएसई की प्रक्रिया

रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड ने 21 जून तक लगभग 87 प्रतिशत छात्रों के पुनर्मूल्यांकन के परिणाम घोषित कर दिए हैं। छात्र अपने अपडेटेड स्टेटस को DigiLocker के आधिकारिक पोर्टल पर देख सकते हैं। सीबीएसई ने इस बार 12वीं की परीक्षाओं के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम का उपयोग किया था, जिसके बाद काफी संख्या में छात्रों ने कम अंक मिलने की शिकायत की थी, जिसके बाद सुधार की प्रक्रिया शुरू की गई।

https://hindi.news18.com/news/career/education-cbse-12th-revaluation-result-2026-avani-kejriwal-from-ranchi-got-500-out-of-500-marks-10594398.html