एनएसडी के दिनों को याद कर बोले पंकज कपूर
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का सफर थिएटर से लेकर सिनेमा के शिखर तक बेहद प्रेरणादायक रहा है। अब अनुभवी अभिनेता पंकज कपूर ने शाहरुख खान के अतीत से जुड़ा एक ऐसा किस्सा बताया है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है। पंकज कपूर के अनुसार, शाहरुख खान जब महज 10 साल के थे, तब वे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा यानी एनएसडी की कैंटीन में कलाकारों को समोसे सप्लाई किया करते थे।
इंटरवल में करते थे मदद
एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान पंकज कपूर ने 70 के दशक के उन दिनों को याद किया जब वे खुद एनएसडी में एक छात्र थे। पंकज कपूर ने बताया कि थिएटर के दौरान जब इंटरवल होता था, तब दर्शकों और कलाकारों के लिए कैंटीन से समोसे मंगाए जाते थे। उस समय शाहरुख खान अक्सर कैंटीन में दिखाई देते थे। पंकज कपूर का मानना है कि उस दौरान शाहरुख के पिता या उनके चाचा कैंटीन का संचालन करते थे, जिसके कारण छोटा शाहरुख वहां सक्रिय रहता था।
पिता का था रेस्टोरेंट का काम
पंकज कपूर और शाहरुख खान ने साल 1995 की फिल्म राम जाने में साथ काम किया था। हालांकि, फिल्म के सेट पर काम करते वक्त पंकज कपूर को शायद ही यह ख्याल आया होगा कि एनएसडी की कैंटीन में घूमने वाला वह 10 साल का बच्चा भविष्य में बॉलीवुड का सबसे बड़ा सुपरस्टार बन जाएगा। शाहरुख खान के पिता मीर ताज मोहम्मद खान दिल्ली में रेस्टोरेंट चलाते थे, जिसका नाम 'खातिर' था। सफदरजंग इलाके में उनका यह आउटलेट काफी प्रसिद्ध था और शाहरुख की मां ने भी पति के निधन के बाद इस बिजनेस को संभाला था।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/pankaj-kapoor-recalls-10-year-old-shah-rukh-khan-at-nsd-canteen-says-says-he-was-only-10-that-time-2026-06-22-1226722