रिश्तों को तार-तार करने वाला मामला
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मानवता और रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 45 वर्षीय व्यक्ति अपनी 15 साल की नाबालिग भतीजी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। कानून और पुलिस के डर से घबराकर आरोपी फूफा और किशोरी ने रास्ते में ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके चलते अस्पताल में इलाज के दौरान लड़की की मौत हो गई। आरोपी की स्थिति फिलहाल काफी गंभीर बनी हुई है।
शादी का खुलासा और उम्र का बड़ा अंतर
मामले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया, तो वह दुल्हन के भेष में थी। उसकी मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र देख हर कोई दंग रह गया। आरोपी और मृतका की उम्र में करीब 30 साल का अंतर है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की अपनी संतानें भी बालिग हैं और उनका विवाह हो चुका है।
कानूनी कार्रवाई के डर से उठाया खौफनाक कदम
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी अपनी भतीजी को 19 जून को घर से भगा ले गया था। आरोपी का मानना था कि लड़की बालिग है, लेकिन 20 जून को जब परिजनों ने उसे सूचित किया कि किशोरी की उम्र मात्र 15 साल 8 महीने है और उसके खिलाफ अपहरण और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया जा रहा है, तो आरोपी डर गया। जेल जाने के खौफ और सामाजिक अपमान से बचने के लिए उसने लड़की के साथ मिलकर यह जानलेवा कदम उठाने की साजिश रची।
रास्ते में हुआ हादसा
रविवार को पंधाना मार्ग पर दीवाल गांव के पास आरोपी ने अपनी बाइक रोकी और लड़की के साथ जहर का सेवन कर लिया। राहगीरों की सूचना पर दोनों को स्थानीय पंधाना सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उन्हें खंडवा जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने नाबालिग को मृत घोषित कर दिया। मृतक लड़की के परिजनों ने फूफा पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/uncle-elopes-with-niece-and-both-consume-poison-in-khandwa-teenager-died-2026-06-22-1226734