तंदूरी चिकन का घर पर आनंद
तंदूरी चिकन भारतीय व्यंजनों में सबसे लोकप्रिय डिश है। अक्सर लोग इसे इसलिए नहीं बना पाते क्योंकि उन्हें लगता है कि इसके लिए तंदूर होना जरूरी है, जबकि सच्चाई यह है कि आप इसे अपने रसोई के पैन में ही शानदार तरीके से बना सकते हैं। सही मैरिनेशन और पकाने की तकनीक से आप रेस्टोरेंट जैसा जूसी और स्वादिष्ट चिकन घर पर ही तैयार कर सकते हैं।
जरूरी सामग्री
इस लजीज डिश को बनाने के लिए आपको नीचे दी गई सामग्री की आवश्यकता होगी:
- 500 ग्राम चिकन लेग पीस या बोन वाला चिकन
- 1 कप दही
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1 चम्मच नींबू का रस
- 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
- स्वाद अनुसार लाल मिर्च पाउडर
- आधा चम्मच हल्दी
- 1 चम्मच धनिया पाउडर
- आधा चम्मच गरम मसाला
- 1 चम्मच कसूरी मेथी
- स्वाद अनुसार नमक
- 1 से 2 चम्मच तेल
मैरिनेशन की प्रक्रिया
तंदूरी चिकन का असली राज उसके मैरिनेशन में होता है। सबसे पहले चिकन को अच्छी तरह धो लें और उस पर गहरे कट के निशान लगाएं ताकि मसाले अंदर तक जा सकें। अब चिकन पर नींबू का रस और नमक लगाकर इसे 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट और सभी सूखे मसाले मिलाकर इसे 2 से 3 घंटे के लिए मैरिनेट होने दें। यदि संभव हो, तो बेहतर स्वाद के लिए इसे रात भर फ्रिज में रखें।
पैन में पकाने की विधि
एक भारी तले वाली कड़ाही या पैन में थोड़ा तेल गरम करें और मैरिनेट किए हुए चिकन के टुकड़ों को रखें। इसे धीमी आंच पर ढककर पकाएं और समय समय पर पलटते रहें ताकि चारों तरफ से हल्का सुनहरा और रोस्टेड रंग आ जाए। धीमी आंच पर पकाने से चिकन अंदर से जूसी बना रहता है और मसाले जलते नहीं हैं।
स्मोकी फ्लेवर लाने का आसान तरीका
रेस्तरां जैसा स्मोकी स्वाद देने के लिए एक छोटे कोयले को अच्छी तरह गरम करें। पके हुए चिकन के बीच में एक छोटी कटोरी रखें और उसमें गरम कोयला डाल दें। कोयले के ऊपर थोड़ा सा घी डालें और तुरंत बर्तन को कुछ मिनट के लिए ढक्कन से ढक दें। इससे चिकन में तंदूर वाली सोंधी महक आ जाएगी। इसे प्याज के लच्छों, नींबू और तीखी हरी चटनी के साथ गरमागरम परोसें।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-no-tandoor-needed-make-restaurant-style-smoky-tandoori-chicken-at-home-ws-l-10591711.html