बैंक के बाहर हुई खौफनाक वारदात
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के ग्राम पचामा में दिनदहाड़े हुई एक हत्या ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। लाड़ली बहना योजना के तहत सरकारी सहायता राशि निकालने बैंक पहुंची एक महिला के सामने ही उसके वर्तमान देवर ने उसके पूर्व पति की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से इलाके में भारी तनाव है।
दो शादियों का विवाद बना हत्या की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम थूना कला की निवासी एक महिला ने कुछ समय पहले बारवाखेड़ी के रहने वाले प्रताप मालवीय से विवाह किया था। इससे पहले महिला का विवाह बबलू नामक युवक से हुआ था। इन दो शादियों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने अंततः एक सनसनीखेज हत्याकांड का रूप ले लिया।
पेट में चाकू मारकर ले ली जान
घटना वाले दिन महिला अपने वर्तमान देवर धर्मेंद्र मालवीय के साथ पचामा स्थित बैंक पहुंची थी। इसी दौरान वहां महिला का पूर्व पति बबलू भी पहुंच गया। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। धर्मेंद्र मालवीय ने आक्रोश में आकर चाकू निकाला और बबलू के पेट में घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल बबलू को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
थाने में मचा जमकर हंगामा
हत्या की खबर मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस आरोपियों को कोतवाली थाने लेकर पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद मृतक बबलू के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजन आरोपियों पर हमला करने के लिए उग्र हो गए, जिसे देखते हुए पुलिस को भीड़ को वहां से खदेड़ना पड़ा। सीहोर की सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/sehore-pachama-bank-woman-ex-husband-murder-brother-in-law-arrested-local18-10591522.html