सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
देवों के देव महादेव सीरियल में पार्वती के रूप में घर-घर पहचान बनाने वाली मशहूर अभिनेत्री सोनारिका भदौरिया इन दिनों अपनी मातृत्त्व की यात्रा का भरपूर आनंद ले रही हैं। हाल ही में सोनारिका और उनके पति विकास पाराशर ने अपनी बेटी विरीका के अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन किया। इस विशेष अवसर की तस्वीरें अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की हैं, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
परंपरागत अंदाज में नन्हीं विरीका
इस रस्म के लिए विरीका को बेहद खूबसूरत पारंपरिक कपड़ों में सजाया गया था। तस्वीरों में नन्हीं बच्ची की मुस्कान और मासूमियत ने फैंस का दिल जीत लिया है। अन्नप्राशन के दौरान विरीका को चांदी की थाली और कटोरी में खीर और अन्य पकवान परोसे गए थे। हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार, इस रस्म में परिवार के बड़े सदस्य बच्चे को पहली बार अन्न का स्वाद चखाते हैं।
सोनारिका का मजेदार कैप्शन
अपनी लाडली की तस्वीरें पोस्ट करते हुए सोनारिका ने बेहद उत्साह के साथ लिखा कि अब उनकी बेटी के लिए असली दावत की शुरुआत हो चुकी है। इस समारोह की तस्वीरों में सोनारिका अपनी बेटी को गोद में लिए हुए मां और बेटी के खूबसूरत रिश्ते को दर्शाती नजर आ रही हैं। वहीं, पिता विकास पाराशर भी अपनी बेटी के साथ खेलते और प्यार लुटाते हुए देखे गए।
घर की सजावट और फैंस की प्रतिक्रिया
इस पारिवारिक समारोह को यादगार बनाने के लिए घर को पीले और गेंदे के फूलों से पारंपरिक रूप से सजाया गया था, जिसने तस्वीरों की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। जैसे ही तस्वीरें सोशल मीडिया पर आईं, फैंस और टीवी जगत के सितारों ने शुभकामनाओं की बरसात कर दी। एक प्रशंसक ने विरीका की क्यूटनेस की तारीफ करते हुए उन्हें अशोक सुंदरी तक कह दिया।
https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/tv-sonarika-bhadoria-shares-adorable-pics-from-daughter-virikas-annaprashan-ceremony-see-cute-pics-10590750.html