जीत के साथ अगले दौर में USA
FIFA World Cup 2026 के ग्रुप-डी मुकाबले में मेजबान USA ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-0 की शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही USA ने टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। सिएटल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अमेरिकी टीम शुरू से ही ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर हावी रही और पहले हाफ में किए गए दो गोलों ने ही मैच का रुख तय कर दिया।
ऑस्ट्रेलिया की गलती से मिला बढ़त
मैच की शुरुआत से ही USA ने आक्रामक खेल दिखाया। खेल के 11वें मिनट में Folarin Balogun के एक क्रॉस को रोकने के प्रयास में ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर Cameron Burgess से बड़ी गलती हुई और गेंद सीधे उनके अपने ही गोल पोस्ट में चली गई। इस 'ओन गोल' के चलते USA को 1-0 की बढ़त मिल गई, जिससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ गया।
Alex Freeman का शानदार हेडर
पहले हाफ के आखिरी पलों में USA ने अपनी बढ़त को दोगुना कर लिया। खेल के 43वें मिनट में Sergino Dest के प्रयास के बाद Alex Freeman ने डी-बॉक्स के भीतर से एक सटीक हेडर लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में डाल दिया। इस गोल पर VAR के जरिए जांच भी की गई, लेकिन रेफरी ने इसे वैध करार दिया। हाफ-टाइम तक USA 2-0 के स्कोर के साथ मजबूती से आगे थी।
डिफेंस के आगे बेबस दिखा ऑस्ट्रेलिया
दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी करने की काफी कोशिश की और कुछ मौके भी बनाए, लेकिन USA की मजबूत रक्षा पंक्ति ने उनके हर हमले को नाकाम कर दिया। मैच के अंत तक USA ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। इस जीत के साथ ही USA ने ग्रुप-डी में अपनी लगातार दूसरी जीत हासिल की है। वर्ल्ड कप के इतिहास में यह केवल दूसरा मौका है जब USA ने अपने शुरुआती दो मैच लगातार जीते हैं। इस हार के बाद अब ऑस्ट्रेलिया के लिए टूर्नामेंट में आगे बने रहना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/usa-vs-australia-fifa-world-cup-2026-usa-beats-aus-2-0-qualifies-for-round-of-32-2026-06-20-1226254