अमेरिका के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक, न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना से पहले दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद एक 26 साल के युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। देखते ही देखते गोली चलने लगी, जिससे वहां मौजूद हजारों लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने इस मामले में 17 साल के एक किशोर को हिरासत में लिया है और घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया है।
टाइम्स स्क्वायर में गोलीबारी
दुनियाभर से आने वाले पर्यटकों की भीड़ से भरे न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में गुरुवार दोपहर अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। इस घटना के बाद पूरा इलाका दहशत में डूब गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकानों, इमारतों और सड़कों के किनारे छिपने लगे। यह वाकया स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 3:40 बजे वेस्ट 45वीं स्ट्रीट और एट्थ एवेन्यू के पास घटा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पहले दो गुटों के बीच एक बड़ा विवाद हुआ। इसी दौरान, 26 साल के एक युवक को चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। कुछ ही पलों बाद वहां गोलीबारी शुरू हो गई, जिसने लोगों में भगदड़ मचा दी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद वारदात
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और CCTV फुटेज में यह पूरी घटना कैद हो गई है। इन फुटेज में NYPD की खड़ी गाड़ी के पास भीड़भाड़ वाले चौराहे पर कम से कम दो लोगों को गोली चलाते हुए देखा जा सकता है। गोलियां चलते ही वहां मौजूद पर्यटक, स्थानीय नागरिक और अन्य लोग दहशत में भाग खड़े हुए। एक वीडियो में काले कपड़े पहने एक शख्स हाथ में बंदूक ताने नजर आता है और फिर तेजी से वहां से फरार हो जाता है। पुलिस इन सभी वीडियो और फुटेज की गहनता से जांच कर रही है।
एक किशोर हिरासत में, एक युवक घायल
न्यूयॉर्क पुलिस (NYPD) के अनुसार, गोलीबारी के आरोप में 17 साल के एक किशोर को हिरासत में लिया गया है। उसके खिलाफ अभी आरोप तय किए जाने बाकी हैं। पुलिस ने मौके से एक हथियार भी बरामद किया है। राहत की बात यह है कि गोलीबारी में किसी को गोली लगने की खबर नहीं है। हालांकि, चाकूबाजी में घायल हुए 26 वर्षीय युवक को बेलव्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की बड़ी तैनाती के बीच हुई घटना
यह चौंकाने वाली घटना ऐसे समय में हुई है, जब न्यूयॉर्क शहर में NBA टीम न्यूयॉर्क निक्स की चैंपियनशिप परेड के लिए हजारों की संख्या में पुलिसकर्मी पहले से ही तैनात थे। घटना के वक्त टाइम्स स्क्वायर में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक और प्रशंसक भी मौजूद थे। वारदात के तुरंत बाद, पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया और जांच एजेंसियों ने घटनास्थल से सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया।
https://hindi.news18.com/world/america-times-square-fight-shooting-new-york-stabbing-teen-detained-10583438.html