अगर आपके पास कोई बेहतरीन आइडिया तो है, लेकिन यह समझ नहीं आ रहा कि उसे स्टार्टअप में कैसे ढाला जाए, तो अब इस मुश्किल का हल मौजूद है। आइडिया से लेकर उसे अंजाम तक पहुंचाने के पूरे सफर को आसान बनाने के लिए अटल इनक्यूबेशन सेंटर तैयार है। इसका उद्घाटन 18 जून यानी आज नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में शिक्षा मंत्री आशीष सूद के हाथों होगा। इससे जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। यह सेंटर यूनिवर्सिटी के तीसरे फ्लोर पर बनाया गया है।
स्टार्टअप को लेकर पहले से जागरूक हैं छात्र
सेंटर की निदेशक प्रेरणा गौड़ से हुई खास बातचीत में उन्होंने बताया कि एनएसयूटी के छात्र स्टार्टअप्स को लेकर पहले से ही काफी सजग हैं। उन्हें मालूम होता है कि स्टार्टअप को कैसे पंजीकृत कराना है और उसे किस तरह सफल बनाना है। बीते 10 सालों से यहां हर छात्र के स्टार्टअप को नई उड़ान दी जा रही है। वर्ष 2022 में अटल इनोवेशन मिशन के तहत यूनिवर्सिटी में अटल इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की अनुमति मिल गई थी।
पहले स्लॉट में मिले दो करोड़ रुपये
प्रेरणा गौड़ ने बताया कि नवंबर 2025 में सेंटर को यूनिवर्सिटी में स्थापित करने के सभी रास्ते साफ हो गए थे। यही वजह है कि पूरी तैयारी के बाद इसका उद्घाटन 18 जून को किया जा रहा है। फिलहाल पहले 1 साल के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि मिली है।
उन्होंने बताया कि पहले साल पूरे दिल्ली एनसीआर के छात्रों को जागरूक किया जाएगा और स्टार्टअप्स को लेकर उन्हें अधिक से अधिक जानकारी दी जाएगी। कई तरह के कैंप भी लगाए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र इससे जुड़ सकें। उनके मुताबिक, इस सेंटर के जरिये आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बड़ा बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि वक्त बदल चुका है और अब अधिकतर स्टार्टअप एआई पर ही आधारित हो रहे हैं।
बेहद हाईटेक होगा यह केंद्र
निदेशक प्रेरणा गौड़ के अनुसार यह सेंटर बेहद हाईटेक होगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर इंटरनेट पर आधारित सभी स्टार्टअप्स को यहां नई पहचान मिलेगी। छात्रों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने स्टार्टअप को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकें। हर साल 50 से ज्यादा स्टार्टअप्स को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार का पूरा फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ-साथ डेटा कलेक्शन और स्मार्ट सिस्टम पर है, ताकि देश की तकनीक को आगे बढ़ाया जा सके और अधिक से अधिक स्टार्टअप खड़े हो सकें। यह एक ऐसा मंच साबित होगा, जहां स्टार्टअप शुरू करने वालों के सपनों को पंख लगेंगे।
https://hindi.news18.com/news/career/education-atal-incubation-center-starts-at-nsut-to-boost-ai-startups-in-delhi-local18-ws-l-10580179.html