आम खरीदते समय धोखे से बचें, इन आसान तरीकों से चंद सेकंड में पहचानें ताजा और मीठा फल

सिर्फ आम की चमक और रंग पर भरोसा करना सही नहीं है। स्पंज टेस्ट, खुशबू, वजन, छिलके की बनावट और डंठल वाले हिस्से को परखकर आप अच्छे और खराब आम में आसानी से फर्क कर सकते हैं।

गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजारों में आम की भरमार नजर आने लगती है। फलों का राजा कहलाने वाला आम लगभग हर घर की पहली पसंद होता है। बच्चे हों या बड़े, मीठे और रसीले आम का स्वाद हर किसी को भाता है। लेकिन कई बार लोग बड़े शौक से सुंदर, चमकदार और आकर्षक दिखने वाले आम खरीदकर घर लाते हैं और जब उन्हें काटते हैं तो अंदर का हिस्सा सड़ा या खराब निकल आता है। ऐसे में न सिर्फ पैसा बर्बाद होता है, बल्कि स्वाद का मजा भी किरकिरा हो जाता है।

आजकल कई दुकानदार आम की बाहरी खूबसूरती दिखाकर ग्राहकों को आसानी से प्रभावित कर लेते हैं। मगर सिर्फ रंग और चमक देखकर आम खरीद लेना हमेशा समझदारी भरा फैसला नहीं होता। सोशल मीडिया पर फल और सब्जियों की पहचान से जुड़े उपयोगी सुझाव साझा करने वाले ओंकार शेजवाल ने कुछ ऐसे सरल तरीके बताए हैं, जिनकी मदद से आप महज कुछ ही सेकंड में अच्छे और खराब आम का अंतर समझ सकते हैं।

इन बातों पर दें ध्यान

खास बात यह है कि इन तरीकों को अपनाने के बाद कोई दुकानदार आपको खराब आम थमाकर आसानी से ठग नहीं पाएगा। आम चुनते समय उसकी खुशबू, वजन, छिलके की बनावट और डंठल वाले हिस्से पर गौर करना भी उतना ही जरूरी है जितना उसका रंग और चमक देखना।

स्पंज टेस्ट से पहचानें असली ताजगी

ओंकार शेजवाल के अनुसार, खराब आम पहचानने का सबसे आसान तरीका स्पंज टेस्ट है। इसके लिए आम को हल्के हाथों से दबाकर देखें। अगर दबाने के बाद आम स्पंज की तरह तुरंत अपनी पुरानी स्थिति में लौट आए, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि फल अंदर से खराब हो चुका है।

इसके उलट, अगर दबाने पर आम थोड़ा-सा अंदर की ओर दब जाए और सामान्य महसूस हो, तो उसके अच्छे होने की संभावना ज्यादा रहती है। यह छोटा-सा परीक्षण खरीदारी के दौरान आपके बहुत काम आ सकता है और सड़ा फल घर तक पहुंचने से बच जाता है।

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-how-to-identify-rotten-mango-from-outside-mango-buying-tips-ws-el-10559226.html