एवियन में पीएम मोदी से मिले ट्रंप, बोले- 'भारत पर हमला हुआ तो हम उसके साथ खड़े रहेंगे'

फ्रांस के एवियन शहर में जारी G-7 सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें व्यापार, भारतीय नाविकों की सुरक्षा और रक्षा सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

फ्रांस के एवियन शहर में चल रहे G-7 सम्मेलन के बीच बुधवार को सबकी निगाहें एक खास मुलाकात पर टिकी रहीं। मौका था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की द्विपक्षीय बैठक का। दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील, होर्मुज में जहाजों पर हुए हमले समेत कई अहम विषयों पर बातचीत हुई।

खास बात यह रही कि पीएम मोदी और ट्रंप के बीच यह बातचीत 16 महीने के अंतराल के बाद हुई। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी फरवरी 2025 में अमेरिका के दौरे पर गए थे और तब उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की थी।

नाविकों की सुरक्षा पर पीएम मोदी का जोर

एवियन में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति बहाली की दिशा में हुई प्रगति के लिए ट्रंप की सराहना की। उन्होंने कहा, "पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने की कोशिशों में जो प्रगति हुई है, उसमें आपकी लीडरशिप की मैं तारीफ करता हूं।"

समुद्री सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए पीएम मोदी ने कहा, "हमने हमेशा कहा है कि समुद्री आवाजाही की आजादी पक्की होनी चाहिए और हमें इस पर जोर भी देना चाहिए। समुद्री व्यापार के क्षेत्र में दुनिया के अलग-अलग समुद्रों में लाखों भारतीय नाविक काम कर रहे हैं। मेरा मानना है कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। मुझे भरोसा है कि ईरान के साथ डील में नाविकों की सुरक्षा पक्की की जाएगी और उसे प्राथमिकता दी जाएगी।"

नाविकों की मौत पर ट्रंप की प्रतिक्रिया

होर्मुज स्ट्रेट के पास हुए हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे पर राष्ट्रपति ट्रंप ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "मैंने इस घटना के बारे में सुना है, यह एक काफी मुश्किल प्रोफेशन है और हम इस पर मिलकर काम करते हैं। ऐसा हमेशा से होता रहा है, लेकिन हम मिलकर काम करते हैं।"

'हमारे रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे'

बैठक के दौरान ट्रंप ने भारत के साथ अमेरिका के संबंधों की तारीफ करते हुए कहा, "फ्रांस में हमारी कुछ बहुत अच्छी बैठकें हुईं। खासकर भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई। हम ट्रेड डील कर रहे हैं। अमेरिका और भारत के बीच बहुत कुछ हो रहा है। अमेरिका अब तक के सबसे अच्छे दौर से गुजर रहा है। हम फैक्टरियां बना रहे हैं, हम सब कुछ बना रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री मोदी भी अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं। वह अमेरिका में काफी पैसा निवेश कर रहे हैं, इसलिए हम उस काम की तारीफ करते हैं। लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त रहे हैं, और हमारे रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं, और आपके साथ होना बहुत अच्छा लग रहा है।"

मोदी को बताया 'सख्त नेगोशिएटर'

ट्रंप ने पश्चिम एशिया समेत कई बड़े मुद्दों पर भारत की भूमिका को अहम बताते हुए पीएम मोदी को कड़ा सौदेबाज करार दिया। उन्होंने कहा, "वह बहुत सख्त नेगोशिएटर हैं। मैं आपको एक बात बताता हूं। वह बहुत अच्छे दिखने वाले शख्स हैं। वह बहुत अच्छे लगते हैं, जैसे कोई एंजेल। लेकिन असल में, वह उतने ही सख्त हैं जितने कि वह 'किलर' हैं, लेकिन वह बहुत अच्छे दिखते हैं। इसलिए वह आपको चौंका देते हैं।"

ट्रंप ने आगे जोड़ा, "लोग कहते हैं कि वह बहुत अच्छे इंसान हैं। मैंने कहा कि वह बहुत सख्त हैं। वह एक सख्त ट्रेडर हैं, और वह भारतीय लोगों से प्यार करते हैं, लेकिन वह अमेरिका से भी प्यार करते हैं। ह्यूस्टन में हमारा 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम हुआ था। स्टेडियम पूरा भरा हुआ था। हम भविष्य में भारत जाएंगे।"

'भारत पर हमला हुआ तो हम साथ खड़े रहेंगे'

भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों पर बात करते हुए ट्रंप ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमारे बीच काफी अच्छा रिश्ता है। अगर भारत पर हमला होता है, तो हम उनकी मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे। अगर कोई इस व्यक्ति पर हमला करता है, तो हम वहां मौजूद रहेंगे। अगर भारत पर हमला होता है और पीएम मोदी नेता हैं, तो हम मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे।"

उन्होंने कहा, "जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में भारत का एक बहुत अच्छा दोस्त है। यहां हर कोई भारत को पसंद करता है और वे पीएम नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करते हैं।"

'भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है'

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें उम्मीद है कि भारत पश्चिम एशिया में कोई भूमिका निभाएगा, तो उन्होंने कहा, "हां, मुझे उम्मीद है। मुझे लगता है कि भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है। जब तक पीएम नरेंद्र मोदी नेता हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा।"

अपने भारत दौरे को याद करते हुए ट्रंप ने कहा, "पिछली बार भारत का हमारा दौरा बहुत अच्छा रहा था। हमने उस नए स्टेडियम का उद्घाटन किया था। वहां लाखों लोग मौजूद थे। मुझे नहीं पता कि वे रिकॉर्ड टूटे हैं या नहीं, लेकिन भारत में मेरा समय बहुत अच्छा बीता।"

रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप का बयान

रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी ट्रंप ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, "मैंने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति पुतिन से बात की। हम चाहते हैं कि यह जंग खत्म हो। मैंने 8 युद्ध खत्म किए हैं, और सच कहूं तो, यह सबसे आसान युद्धों में से एक हो सकता था, लेकिन वे एक-दूसरे को पसंद नहीं करते, जिससे यह और मुश्किल हो जाता है।"

रूस पर नए प्रतिबंध की संभावना पर ट्रंप ने कहा, "हम इस पर विचार कर रहे हैं। हम देख रहे हैं कि तेल की कीमतें कितनी नीचे आती हैं, ये तेजी से गिर रही हैं। कीमतें कम हो रही हैं और जल्द ही उस लेवल पर आ जाएंगी जहां वे 4 महीने पहले थीं। इसके अलावा, हमारे सामने बिना परमाणु हथियार वाला ईरान होगा; मैं कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी भी इस बारे में बहुत मजबूती से सोचते हैं।"

कई अन्य नेताओं से भी मिले पीएम मोदी

गौरतलब है कि एवियन में अमेरिका, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी, जापान, कनाडा और फ्रांस जैसे विकसित देशों के समूह G-7 की बैठक चल रही है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के विशेष निमंत्रण पर शामिल हुए हैं।

ट्रंप से मुलाकात से पहले पीएम मोदी ने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डिसिल्वा समेत कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का जिक्र किया, वहीं कार्नी ने दोनों देशों के रिश्तों की प्रगति पर जोर देते हुए पीएम मोदी को कनाडा आने का न्योता दिया।

https://www.indiatv.in/world/europe/france-g-7-summit-pm-narendra-modi-and-donald-trump-bilateral-meeting-know-key-points-and-all-updates-here-2026-06-17-1225701