कटहल की मसालेदार ग्रेवी वाली सब्जी कैसे बनाएं? जानिए पूरी विधि और जरूरी मसाले

ग्रेवी वाली कटहल की सब्जी बनाना बेहद आसान है। यहां जानिए कटहल को उबालने से लेकर तड़का लगाने तक की पूरी स्टेप बाय स्टेप रेसिपी और इसमें इस्तेमाल होने वाले मसालों की पूरी सूची।

सही मसालों और सही तरीके से बनाई गई कटहल की सब्जी का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि वह किसी भी वेज या नॉन वेज डिश को पीछे छोड़ दे। आज हम आपके लिए ग्रेवी वाली कटहल की एक खास रेसिपी लेकर आए हैं, जिसे घर पर बनाना बेहद आसान है। आइए जानते हैं इसे बनाने का पूरा तरीका।

कटहल की सब्जी के लिए जरूरी सामग्री

स्वादिष्ट कटहल की सब्जी तैयार करने के लिए आपको नीचे बताए गए मसालों और सामग्री की जरूरत होगी। इन्हीं की मदद से सब्जी का असली जायका आता है।

कटहल उबालने के लिए

  • कटहल चार सौ ग्राम

  • नमक आधा छोटा चम्मच

  • हल्दी पाउडर और पानी

ग्रेवी बेस के लिए

  • सरसों का तेल 2 बड़े चम्मच

  • जीरा आधा चम्मच

  • प्याज 3

  • लहसुन एक मुट्ठी

  • अदरक 2 इंच

  • हरी मिर्च

  • 2 टमाटर

  • एक मुट्ठी हरा धनिया

  • नमक स्वादानुसार और पानी

तड़के के लिए

  • तेल 3-4 बड़े चम्मच

  • आधा चम्मच जीरा

  • एक टुकड़ा दालचीनी

  • दो से तीन हरी इलायची

  • दो से तीन काली इलायची

  • दो तेज पत्ता

  • एक बड़ा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर

  • 1 बड़ा चम्मच काली मिर्च पाउडर

  • धनिया पाउडर 1 बड़ा चम्मच

  • एक चम्मच गरम मसाला

  • भुनी हुई कसूरी मेथी और ताज़ा हरा धनिया

कटहल की सब्जी बनाने की विधि

  • सबसे पहले कुकर में तेल डालकर गरम करें। तेल गरम होते ही इसमें कटहल, नमक और हल्दी पाउडर डाल दें। 1-2 मिनट तक चलाने के बाद ढक्कन लगाकर 1 सीटी आने तक पकाएं। पकने के बाद कुकर की भाप को अपने आप निकलने दें।

  • जब तक कटहल पक रहा है, तब तक ग्रेवी का बेस तैयार कर लें। इसके लिए प्याज और टमाटर को मोटा-मोटा काट लें। एक पैन में तेल और जीरा डालें, फिर मोटे कटे प्याज डालकर चलाते हुए सुनहरा होने तक भूनें।

  • प्याज के अच्छी तरह सुनहरा होने पर इसमें लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, टमाटर और धनिये के डंठल मिला दें। सब कुछ अच्छी तरह मिलाएं और जब टमाटर पूरी तरह गल जाए तो गैस बंद कर दें। मिश्रण के ठंडा होने पर इसका स्मूथ पेस्ट बना लें।

  • कुकर की भाप निकल जाने के बाद ढक्कन खोलें, कटहल अच्छी तरह पक चुका होगा। अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और कटहल के टुकड़ों को सुनहरा होने तक तल लें।

  • उसी कड़ाही में अब जीरा, दालचीनी, हरी इलायची, बड़ी इलायची, तेजपत्ता और जावित्री डालकर चटकने दें। इसके बाद तैयार ग्रेवी का पेस्ट डालें और साथ में नमक, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, तीखी लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर भी मिला दें।

  • इस मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक मसाले तेल से अलग न हो जाएं और तेल ऊपर तैरने लगे। जब मसाला कड़ाही में चिपकना बंद कर दे, तब गाढ़ापन देने के लिए पानी डालकर पकाएं। अब इसमें तले हुए कटहल के टुकड़े डाल दें। आखिर में भुनी हुई कसूरी मेथी का पाउडर और ताज़ा हरा धनिया डालें। आपकी स्वादिष्ट कटहल मसाला करी तैयार है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/kathal-ki-sabji-mein-kin-masalon-ka-istemaal-kiya-jata-hai-note-karen-step-bye-step-process-2026-06-17-1225721