भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता 15 जुलाई से प्रभावी, 99% भारतीय उत्पादों को मिलेगी जीरो टैरिफ एंट्री

भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) 15 जुलाई से लागू होगा, जिसके बाद भारत के 99 प्रतिशत उत्पादों को ब्रिटेन में बिना किसी टैरिफ के बाजार मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे द्विपक्षीय रिश्तों का ऐतिहासिक पड़ाव बताया है।

India-UK FTA: भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) इसी वर्ष 15 जुलाई से अमल में आ जाएगा। दोनों देशों ने बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। खास बात यह है कि इस करार पर औपचारिक हस्ताक्षर होने के एक साल से भी कम समय में इसे लागू किया जा रहा है। लंदन ने इसे इतने व्यापक स्तर के किसी समझौते पर दस्तखत के बाद सबसे तेज गति से लागू होने वाला करार करार दिया है। यह समझौता प्रभावी होते ही भारत के 99 प्रतिशत उत्पाद ब्रिटेन के बाजार में शून्य टैरिफ पर प्रवेश पा सकेंगे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर जताई खुशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, ''भारत-ब्रिटेन संबंधों के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर। यह जानकर खुशी हुई कि भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता 15 जुलाई, 2026 से लागू होगा। यह समझौता हमारे द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को काफी बढ़ावा देगा। इससे भारतीय किसानों, श्रमिकों, MSME, स्टार्टअप और इनोवेटर्स के लिए कई मौके खुलेंगे और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। G7 शिखर सम्मेलन के लिए एवियन में मौजूद ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और मैं, दोनों ही हमारे आर्थिक संबंधों को मिल रही इस नई गति से बहुत खुश हैं।''

भारत के 99 प्रतिशत उत्पादों को ब्रिटेन में टैरिफ से राहत

भारत और ब्रिटेन ने 24 जुलाई, 2025 को वृहद आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात यूनाइटेड किंगडम के बाजार में शून्य टैरिफ के साथ पहुंचेगा। इतना ही नहीं, भारत से भेजे जाने वाले चावल, चाय, मसाले, झींगा, मशीनरी, ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग टूल्स, कपड़े, जूते-चप्पल, रत्न एवं आभूषण, खेल का सामान, खिलौने, दवाएं तथा इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों को भी ब्रिटिश बाजार में बेहतर पहुंच मिल सकेगी। दूसरी ओर, भारत लग्जरी कार और शराब जैसे ब्रिटिश उत्पादों पर शुल्क में कटौती करेगा। CETA का मकसद वर्ष 2030 तक दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच कारोबार को दोगुना करते हुए 56 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।

भारत में सस्ते हो जाएंगे ये ब्रिटिश उत्पाद

इस समझौते के लागू होते ही ब्रिटेन से भारत आने वाले कई उत्पादों के दाम घट जाएंगे, जिनमें ये शामिल हैं—

  1. चॉकलेट
  2. बिस्कुट
  3. कॉस्मेटिक्स
  4. स्कॉच
  5. व्हिस्की
  6. लग्जरी गाड़ियां
  7. सैल्मन
  8. लैंब
  9. सॉफ्ट ड्रिंक्स
  10. मेडिकल डिवाइस और इक्विपमेंट
  11. एयरोस्पेस पार्ट्स और कंपोनेंट्स
  12. फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स

15 जुलाई से समझौते की शर्तों पर होगा कारोबार

वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि भारत और ब्रिटेन ने घोषणा की है कि व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (CETA) 15 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगा। ब्रिटेन के डिपार्टमेंट फॉर बिजनेस एंड ट्रेड के अनुसार, कारोबारियों के पास इसकी तैयारी के लिए अब 28 दिन का समय है, जिसके बाद वे 15 जुलाई से समझौते की शर्तों के अनुरूप व्यापार कर सकेंगे।

https://www.indiatv.in/paisa/business/india-uk-fta-to-come-into-effect-from-july-15-99-percent-of-indian-products-to-become-tariff-free-these-items-will-become-cheaper-2026-06-17-1225757