"मेरे भाई की हत्या खान सर ने कराई" रोशन आनंद का बड़ा आरोप, बोले- नहीं हो रही FIR दर्ज

ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत के मामले में खान सर पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है और दावा किया कि दबाव के चलते कदमकुआं थाने में उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही.

ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद अपने भाई प्रिंस यादव की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कदमकुआं थाने पहुंचे। थाने पहुंचकर उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे एफआईआर दर्ज कराने आए थे, लेकिन उनकी शिकायत पर मामला दर्ज नहीं किया गया।

खान सर पर सीधा आरोप

अपने भाई प्रिंस की मौत को लेकर सक्रिय हुए रोशन आनंद ने कहा कि उन पर झूठा आरोप लगाकर उन्हें जेल भेजा गया। उन्होंने नाम लेते हुए कहा कि फैजल खान यानी खान सर के द्वारा उनके भाई प्रिंस की हत्या कराई गई।

रोशन आनंद ने कदमकुआं थाने में आवेदन देकर खान सर पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इस मामले में खान सर पर पहले से एक एफआईआर दर्ज है। ऐसे में माना जा रहा है कि उनकी मुश्किलें आगे और बढ़ सकती हैं। फिलहाल थाने ने रोशन आनंद का आवेदन अपने पास रख लिया है और मिली जानकारी के अनुसार अब तक उस पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। कदमकुआं थाना आवेदन पर विचार कर रहा है।

'दबाव के कारण नहीं दर्ज हो रही एफआईआर'

रोशन आनंद ने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी, वे यहां से नहीं हटेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दबाव के कारण उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उनके मुताबिक वे 5 घंटे थाने में रहे, फिर भी मामला दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने कहा, "हम यहीं बैठेंगे, चाहे पटना पुलिस गोली ही क्यों न मार दे।"

अपने बयान में रोशन आनंद ने कहा कि उन्हें साजिश के तहत जेल भेज दिया गया और इसी दौरान उनके भाई की हत्या हो गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके दबाव में एफआईआर दर्ज नहीं हो रही, यह कदमकुआं थाने की पुलिस ही बताएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऊपरी दबाव और रसूख के इस्तेमाल के चलते उनकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही।

देशभर के शिक्षकों-छात्रों से समर्थन की अपील

रोशन आनंद ने कहा कि उन्हें पूरे भारत के शिक्षकों और छात्रों के समर्थन की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि थाना प्रभारी ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने एसएसपी को फोन किया, लेकिन बात नहीं हो पाई और आईजी से मिलने भी गए, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।

प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई

इस बीच रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। प्रिंस की मौत नेपाल में हुई, जहां वे अपने दो दोस्तों के साथ घूमने गए थे। नेपाल पुलिस को प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल चुकी है, लेकिन वह इस रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है।

अब नेपाल पुलिस को प्रिंस यादव की विसरा रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस का मानना है कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद प्रिंस यादव की मौत की तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-gyan-bindu-roshan-anand-accused-khan-sir-murder-his-brother-prince-alleged-police-not-register-fir-ws-l-10580005.html