कोलकाता: आरजी कर अस्पताल में तैनात CISF जवान दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार, नाम मोहम्मद पारुल अहमद बताया गया

आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल की सुरक्षा में तैनात असम निवासी CISF जवान मोहम्मद पारुल अहमद पर एक युवती से बार-बार दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।

कोलकाता: आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में लगे एक CISF जवान पर एक युवती के साथ बार-बार दुष्कर्म करने का संगीन आरोप सामने आया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद पारुल अहमद के रूप में की गई है। असम का रहने वाला यह CISF कर्मचारी आरजी कर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात था।

अस्पताल में मां के इलाज के दौरान हुई थी पहचान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता की मां का इलाज आरजी कर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था और इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी। बताया गया है कि आरोपी ने युवती को होटल में बुलाकर बीते 8 जून को उसके साथ दुष्कर्म किया, आपत्तिजनक वीडियो बनाए और फिर उन्हीं वीडियो के सहारे ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म को अंजाम दिया।

इस मामले में पीड़िता ने न्यू टाउन स्थित नारायणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चिनार पार्क के पास मौजूद होटल से बेडशीट और आरोपी की वर्दी फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर ली है।

पीड़िता न्यू टाउन की रहने वाली है। आरोपी के CISF जवान होने की वजह से युवती ने उस पर भरोसा कर लिया था। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई, लेकिन बाद में आरोपी ने अपना असली चेहरा दिखाया। परिवार को पूरी बात बताने के बाद मामला दर्ज कराया गया और फिलहाल जांच जारी है।

आरजी कर पहले भी रहा है विवादों में

इससे पहले वर्ष 2024 में आरजी कर अस्पताल का डॉक्टर रेप-मर्डर केस सामने आया था। इसमें 31 साल की एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की बात उजागर हुई थी, जिसके बाद देशभर में जबरदस्त बवाल मचा था। पोस्टमार्टम में गले पर दबाव के निशान, चेहरे, आंखों, गर्दन और शरीर पर कई चोटें तथा यौन हिंसा के स्पष्ट सबूत मिले थे।

इस घटना में संजय रॉय नाम के व्यक्ति को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह अस्पताल में सिविक वॉलंटियर (पुलिस वॉलंटियर) के रूप में कार्यरत था। कोलकाता की सियालदह कोर्ट ने उसे दुष्कर्म और हत्या का दोषी ठहराया था।

यह मामला भारत में महिलाओं की सुरक्षा, खासकर चिकित्सा क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल बन गया था और इसे लेकर पूरे देश में लंबी चर्चा हुई थी।

उल्लेखनीय है कि देशभर में दुष्कर्म को लेकर कई बार बहस हो चुकी है और इस अपराध पर लगाम कसने के लिए सख्त कानून भी बनाए गए हैं, इसके बावजूद देश के अलग-अलग हिस्सों से दुष्कर्म की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।

https://www.indiatv.in/west-bengal/kolkata-cisf-jawan-deployed-at-rg-kar-arrested-on-rape-charges-identified-as-mohammad-parul-ahmed-2026-06-17-1225761