‘मैं जल्द भारत आऊंगा, व्हाइट हाउस में बैठा है भारतीयों का सच्चा दोस्त’, ट्रंप का बड़ा ऐलान

फ्रांस में जारी G7 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत दौरे पर आने की घोषणा की और कहा कि जब तक वे राष्ट्रपति हैं, भारतीयों का व्हाइट हाउस में एक सच्चा दोस्त मौजूद है।

फ्रांस में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद ट्रंप ने भारत के लोगों के लिए एक बड़ा संदेश दिया। उन्होंने भारत आने की घोषणा करते हुए कहा कि जब तक वे राष्ट्रपति पद पर हैं, भारतीयों का व्हाइट हाउस में एक दोस्त मौजूद रहेगा। बातचीत के दौरान ट्रंप यह जताने की कोशिश करते दिखे कि भारत के प्रति उनके मन में कितना खास लगाव है।

भारत दौरे की घोषणा

जी 7 के दौरान हुई इस द्विपक्षीय वार्ता में ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया कि वे भारत यात्रा पर आएंगे। हालांकि उन्होंने दौरे की कोई तारीख या समय नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा कि वे जल्द ही भारत आएंगे। इस दौरान वे बार-बार दोहराते रहे कि भारत के लिए उनके दिल में बेहद खास जगह है और वे भारतीयों से बहुत प्यार करते हैं। मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि जब तक वे व्हाइट हाउस में हैं, भारतीयों को कोई परेशानी नहीं होगी।

पिछले भारत दौरे को किया याद

भारत आने की बात कहते हुए ट्रंप ने अपने 2020 के भारत दौरे का भी जिक्र किया। वे 24 फरवरी 2020 को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर आए थे, जब उन्होंने अहमदाबाद के मशहूर मोटेरा स्टेडियम का दौरा किया था। इसी स्टेडियम को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस स्टेडियम के भीतर और बाहर करोड़ों लोग मौजूद थे और वह रिकॉर्ड आज तक नहीं टूटा। उन्होंने जोड़ा कि उन्हें भारत आकर बहुत अच्छा लगा था।

‘भारतीयों के लिए व्हाइट हाउस में बैठा है दोस्त’

इसके बाद एक रिपोर्टर ने ट्रंप से पूछा कि बीते कुछ दिनों में भारतीयों के मन में अमेरिका को लेकर पैदा हुए अविश्वास पर वे क्या कहना चाहेंगे। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘‘जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, भारतीयों के लिए व्हाइट हाउस में एक सच्चा दोस्त बैठा हुआ है।’’

‘‘मुझे नहीं पता कि यह अविश्वास कहां से आ रहा है, क्योंकि मैं जानता हूं कि हम सभी भारत और भारतीय लोगों से बहुत प्यार करते हैं। अमेरिका में पीएम मोदी के लिए बहुत सम्मान है।’’

https://hindi.news18.com/world/america-i-will-visit-india-soon-donald-trump-makes-huge-announcement-after-bilateral-meeting-with-pm-modi-at-g7-summit-10579754.html