मोदी रहे तो भारत पर हमले की सूरत में हम साथ खड़े होंगे... ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कहा कि अगर भारत पर कभी हमला हुआ तो अमेरिका उसके साथ खड़ा होगा, भले ही कोई लिखित समझौता न हो। उन्होंने पीएम मोदी को बेहद कठोर वार्ताकार बताते हुए जमकर तारीफ भी की।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में भारत के प्रति समर्थन जताते हुए एक अहम बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर कभी भारत पर हमला हुआ तो अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा। ट्रंप के अनुसार, ऐसा भरोसा मोदी के नेतृत्व की वजह से है और किसी दूसरे नेता के मामले में वे इस तरह का दावा नहीं कर सकते।

हमले की स्थिति में भारत के साथ खड़ा रहेगा अमेरिका

ट्रंप ने कहा, ‘अगर पीएम मोदी हैं और भारत पर किसी ने हमला किया तो अमेरिका भारत के लिए मौजूद रहेगा, भले ही इस संबंध में कोई लिखित समझौता न हो। कोई और नेता होगा तो हम कह नहीं सकते।’ यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब दोनों देशों के रिश्तों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत और अमेरिका का रिश्ता सिर्फ औपचारिक समझौतों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी नींव दोनों देशों के बीच गहरे भरोसे और साझेदारी पर टिकी है।

मोदी के नेतृत्व से जोड़ी भारत की भूमिका

ट्रंप ने भारत की भावी संभावनाओं को मोदी के पद पर बने रहने से जोड़ा। उन्होंने कहा कि जब तक मोदी देश के नेता हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘पिछली बार भारत का दौरा बेहद शानदार रहा था। हमने उस नए स्टेडियम का उद्घाटन किया था… भारत में मेरा वक्त बहुत अच्छा बीता… मुझे लगता है कि हर मामले में भारत की बड़ी भूमिका है। जब तक वे (पीएम मोदी) नेता हैं, भारत अहम भूमिका निभाने वाला है… जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में उनका एक बहुत अच्छा दोस्त मौजूद है। मुझे नहीं पता कि कहां कोई समस्या है, मुझे ऐसा नहीं लगता। यहां हर कोई भारत को पसंद करता है और इस व्यक्ति (पीएम नरेंद्र मोदी) के लिए बहुत सम्मान रखता है।’

मोदी को बताया बेहद कठोर वार्ताकार

पीएम मोदी की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘वह बहुत टफ नेगोशिएटर हैं। मैं आपको एक बात बताता हूं—वह दिखने में बहुत अच्छे लगते हैं, बहुत भले, जैसे कोई फरिश्ता हों। लेकिन वह बेहद कड़े वार्ताकार हैं। वह बहुत कठोर और बेहद कड़े मिजाज के इंसान हैं। मगर दिखते बहुत अच्छे हैं। इसी तरह वह आपको चौंका देते हैं।’

रूस पर प्रतिबंध और ईरान को लेकर बयान

जब उनसे पूछा गया कि क्या रूस पर दोबारा कोई प्रतिबंध लगाए जाएंगे, तो ट्रंप ने कहा, ‘हम इस पर विचार कर रहे हैं। हम देख रहे हैं कि तेल की कीमतें कितनी नीचे आती हैं, वे तेजी से गिर रही हैं… कीमतें घट रही हैं और जल्द ही उस स्तर पर आ जाएंगी जो 4 महीने पहले था।’

इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘हमारे सामने बिना परमाणु हथियारों वाला ईरान होगा। मैं कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री भी इस मुद्दे को लेकर बहुत गंभीर हैं।’

https://hindi.news18.com/news/nation/us-will-help-if-there-is-an-attack-on-india-big-statement-by-trump-amid-meeting-with-pm-modi-ws-l-10579772.html