धरती की 5 सबसे जोखिम भरी जगहें, जहां पहुंचना जान दांव पर लगाने जैसा फिर भी उमड़ते हैं सैलानी

दुनियाभर में एडवेंचर टूरिज्म का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते पर्यटक अब डेथ वैली से लेकर स्नेक आइलैंड जैसी बेहद खतरनाक जगहों तक पहुंच रहे हैं। जानिए ऐसी ही पांच जोखिम भरी जगहों के बारे में।

घूमने-फिरने का शौक रखने वाले लोगों की पसंद अब बदल रही है। दुनियाभर में एडवेंचर टूरिज्म का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। अब यात्री सिर्फ समुद्र किनारों और पहाड़ी वादियों तक खुद को सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि वे ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं जहां रोमांच, चुनौती और अनूठे अनुभव एक साथ मिल सकें। अगर आप भी एडवेंचर के दीवाने हैं और जोखिम उठाने से नहीं घबराते, तो नीचे बताई गई पांच जगहों के बारे में जरूर जान लें।

डेथ वैली, अमेरिका

अमेरिका में मौजूद डेथ वैली को धरती की सबसे गर्म जगहों में गिना जाता है। गर्मियों के मौसम में यहां का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पार चला जाता है। पानी की किल्लत और भीषण गर्मी के बावजूद पर्यटक यहां की नमक से बनी सफेद चादरों, रंग-बिरंगी घाटियों और रात के तारों भरे आसमान को निहारने पहुंचते हैं। सर्दियों का समय यहां घूमने के लिहाज से सबसे बेहतर माना जाता है।

डनाकिल डिप्रेशन, इथियोपिया

इथियोपिया में स्थित यह इलाका दुनिया की सबसे गर्म और भूगर्भीय रूप से सक्रिय जगहों में शामिल है। यहां गर्म अम्लीय झरने, जहरीली गैसें और रंग-बिरंगे हाइड्रोथर्मल क्षेत्र देखने को मिलते हैं। इसकी अनोखी प्राकृतिक संरचना पर्यटकों को ऐसा महसूस कराती है मानो वे किसी दूसरे ग्रह पर आ गए हों।

अंटार्कटिका

यह दुनिया का सबसे ठंडा, सबसे शुष्क और सबसे तेज हवाओं वाला महाद्वीप है। यहां का मौसम इंसानों के लिए बेहद कठिन साबित होता है। इसके बावजूद पर्यटक विशाल हिमखंडों, ग्लेशियरों, पेंगुइन कॉलोनियों और व्हेल मछलियों को देखने के लिए यहां का रुख करते हैं। एडवेंचर पसंद करने वालों की बकेट लिस्ट में यह जगह अक्सर शामिल रहती है।

माउंट एवरेस्ट

नेपाल और तिब्बत की सीमा पर खड़ा माउंट एवरेस्ट दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है। यहां बर्फीले तूफान, ऑक्सीजन की कमी और हिमस्खलन का खतरा हर वक्त मंडराता रहता है। इसके बावजूद हर साल हजारों पर्वतारोही इस शिखर पर तिरंगा लहराने का सपना लेकर यहां पहुंचते हैं।

स्नेक आइलैंड, ब्राजील

ब्राजील के तट के पास बसे स्नेक आइलैंड को दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक माना जाता है। यहां हजारों जहरीले गोल्डन लांसहेड सांप रहते हैं। सुरक्षा कारणों से आम लोगों के यहां प्रवेश पर रोक लगी हुई है, लेकिन इसकी रहस्यमयी और डरावनी पहचान आज भी दुनियाभर के लोगों को अपनी ओर खींचती है।

क्यों बढ़ रही है इन जगहों की दीवानगी

आज के दौर के यात्री महज घूमना नहीं चाहते, बल्कि अनोखे अनुभवों को जीना चाहते हैं। यही कारण है कि मुश्किल और जोखिम से भरी जगहें भी अब पर्यटकों की ट्रैवल लिस्ट का हिस्सा बनती जा रही हैं। हालांकि, ऐसी जगहों की यात्रा पर निकलने से पहले मौसम, सुरक्षा नियमों और स्थानीय निर्देशों की पूरी जानकारी जुटाना बेहद जरूरी है। सही तैयारी और सतर्कता के साथ की गई यह यात्रा एक यादगार अनुभव बन सकती है।

https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/travel-5-most-dangerous-places-on-earth-coming-here-is-akin-to-gambling-with-life-tourists-still-visit-ws-el-10578885.html