मौत से पहले गहरे तनाव में थीं संचिता उगले, दोस्त पारस मदान के खुलासे ने बढ़ाई बेचैनी, उज्ज्वल शर्मा पर लगे गंभीर आरोप

अभिनेत्री संचिता उगले के निधन के बाद उनके करीबी दोस्त और एक्टर पारस मदान ने बताया कि मौत से पहले वह बेहद परेशान थीं और ठीक से खाना तक नहीं खा पा रही थीं। पारस ने उनके को-एक्टर उज्ज्वल शर्मा पर बॉडी शेमिंग का आरोप लगाया है।

अभिनेत्री संचिता उगले के निधन की खबर ने मनोरंजन जगत में हलचल मचा दी है। इस बीच उनके दोस्त और एक्टर पारस मदान ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि मौत से पहले संचिता किस मानसिक स्थिति से गुजर रही थीं। पारस की बातों ने इस पूरे मामले को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।

22 साल की इस अभिनेत्री ने 14 जून 2026 को नालासोपारा स्थित अपने घर पर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस फिलहाल इसके पीछे की असल वजह जानने के लिए जांच में जुटी है। उनके निधन के बाद इंडस्ट्री में उनके करीबी रहे लोग एक्ट्रेस की जिंदगी से जुड़ी कई परेशान करने वाली बातें साझा कर रहे हैं। अब पारस मदान ने दावा किया है कि संचिता अपने शो 'साजन घर' के को-एक्टर उज्ज्वल शर्मा की बातों से बेहद आहत थीं और इसी वजह से वह ठीक से खाना भी नहीं खा पा रही थीं।

मौत से पहले खाना छोड़ चुकी थीं संचिता

संचिता उगले और पारस मदान बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं और दोनों ने कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम किया है। 'टेली चक्कर' को दिए एक इंटरव्यू में पारस ने एक्ट्रेस के बारे में बात करते हुए बताया कि उनका मन ठीक नहीं था और उनमें एनर्जी की भारी कमी थी। उन्होंने बताया कि संचिता ठीक से खाना नहीं खा रही थीं और उनका वजन भी बढ़ गया था।

पारस ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि संचिता अपना ध्यान नहीं रख रही थीं और हर चीज में उनकी दिलचस्पी खत्म हो चुकी थी। उनका किसी से बात करने का भी मन नहीं करता था। उन्होंने बताया कि शूट पर संचिता की मां भी उनके साथ जाती थीं, लेकिन जब भी कोई इस विषय पर बात करने की कोशिश करता तो वह बात करने से इनकार कर देती थीं।

बॉडी शेमिंग का शिकार हुई थीं अभिनेत्री

इंटरव्यू में पारस ने आगे बताया कि 'साजन घर' के उनके को-एक्टर उज्ज्वल शर्मा की बातों ने ही दिवंगत अभिनेत्री को सबसे ज्यादा परेशान किया था। उनके मुताबिक, उज्ज्वल शर्मा की बॉडी शेमिंग के बाद संचिता का आत्मविश्वास टूट गया था और इसका उन पर गहरा असर पड़ा था।

पारस ने कहा, 'काफी समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार उसने खुलकर बताया कि उसके को-एक्टर उज्ज्वल शर्मा ने उसे परेशान किया था और ऐसी बातें कही थीं, जिससे उसका कॉन्फिडेंस एकदम खत्म हो गया था। संचिता ने बताया कि वह उससे कहता था कि वह अच्छी नहीं है और जिंदगी में कभी कुछ खास हासिल नहीं कर पाएगी। उसने यह भी आरोप लगाया कि वह उसे औसत दर्जे का कहता था और उसके शरीर का मजाक उड़ाता था। उसकी बातों का संचिता पर गहरा असर पड़ा था।'

कैसे हुई संचिता उगले की मौत

संचिता मुंबई के नालासोपारा इलाके में अपने माता-पिता और बहन के साथ रहती थीं। अचोले पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर विनोद बाग के अनुसार, संचिता ने साईं संतोषी बिल्डिंग में अपने घर के बेडरूम में खुद को बंद कर लिया था और शाम 7 बजे से 7:30 बजे के बीच साड़ी के सहारे छत के पंखे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि संचिता के प्रशंसकों का कहना है कि वह इतनी जिंदादिल थीं कि आत्महत्या जैसा बड़ा कदम नहीं उठा सकती थीं।

https://www.indiatv.in/entertainment/tv/sanchita-ugale-condition-before-her-death-paras-madaan-revelations-raise-concerns-gets-angry-on-ujjwal-sharma-2026-06-17-1225686