इस समय गर्मी अपने पूरे चरम पर है और ज्यादातर लोग धूप में निकलने से कतरा रहे हैं। सेहत के लिहाज से यह सावधानी एक हद तक सही भी है, मगर अगर धूप से पूरी तरह दूरी बना ली जाए तो यह आदत शरीर के लिए घातक साबित हो सकती है।
विटामिन D और धूप का सीधा रिश्ता
रामपुर के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इकबाल के अनुसार, शरीर को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने में विटामिन D की भूमिका बेहद अहम होती है। यह विटामिन हमारे शरीर में तभी बनता है जब त्वचा पर सूरज की रोशनी पड़ती है। यानी धूप से पूरी तरह बचना शरीर में इस जरूरी पोषक तत्व की कमी पैदा कर सकता है।
बदलती जीवनशैली बनी वजह
डॉ. इकबाल बताते हैं कि पहले लोग सुबह जल्दी उठकर टहलने जाते थे और कुछ देर धूप में बैठते थे, जिससे शरीर को प्राकृतिक रूप से पर्याप्त रोशनी मिल जाती थी। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। ज्यादातर लोगों की सुबह मोबाइल देखने, ऑफिस की तैयारी करने या दूसरे कामों में बीत जाती है।
इस बदली हुई दिनचर्या का सीधा असर सेहत पर पड़ रहा है, क्योंकि शरीर को उतनी धूप नहीं मिल पाती, जितनी उसे वास्तव में जरूरत होती है।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-vitamin-d-sunlight-benefits-rampur-ayush-doctor-mohammad-iqbal-local18-10579297.html