अल नीनो का खतरा धान पर भारी! इन 5 फसलों से होगी धान से दोगुनी कमाई, कम पानी में मिलेगा बंपर उत्पादन

इस बार अल नीनो के असर से ज्यादा पानी मांगने वाली धान की फसल पर संकट के आसार हैं। ऐसे में किसान रागी, कोदो, कुटकी, ज्वार और बाजरा जैसी कम पानी वाली फसलें अपनाकर ज्यादा एमएसपी और बेहतर मुनाफा पा सकते हैं।

किसानों को इस वक्त मानसून का बेसब्री से इंतजार है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बारिश दस्तक दे सकती है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं लगती, क्योंकि इस साल अल नीनो का असर देखने को मिल सकता है। ऐसी स्थिति में ज्यादा पानी चाहने वाली फसलें प्रभावित हो सकती हैं और पानी की कमी का सीधा असर उत्पादन पर पड़ सकता है। दूसरी तरफ कुछ ऐसी फसलें भी हैं, जिन्हें खुद सरकार बढ़ावा दे रही है और जिन पर मिलने वाला न्यूनतम समर्थन मूल्य भी ऊंचा है। इन्हीं फसलों को लेकर लोकल 18 ने बालाघाट के कृषि उपसंचालक फूल सिंह से बातचीत की।

इस बार दिख सकता है अल नीनो का असर

जून का महीना आधे से ज्यादा बीत चुका है, लेकिन प्री-मैच्योर मानसून इस बार कुछ खास असरदार नहीं रहा। बालाघाट में मुख्य रूप से धान की खेती होती है, मगर सिंचाई की पर्याप्त सुविधा न होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। धान की फसल को ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है, और जब पानी कम होगा तो फसल पर रोग और कीटों का प्रकोप बढ़ सकता है। इसका सीधा असर पैदावार पर पड़ेगा और उत्पादन घट सकता है। ऐसे हालात में किसान मोटे अनाज की खेती की ओर रुख कर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।

कम पानी में ज्यादा उपज देने वाली फसलें

विशेषज्ञों के मुताबिक किसान ज्यादा पानी मांगने वाली फसलों की जगह कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को अपना सकते हैं। इनमें मुख्य रूप से रागी, कोदो, कुटकी, ज्वार और बाजरा शामिल हैं। ये फसलें न सिर्फ कम पानी में बेहतर उत्पादन देती हैं, बल्कि इन पर न्यूनतम समर्थन मूल्य भी अधिक मिलता है। सरकार की ओर से धान की खरीदी महज 2441 सौ रुपए पर होती है, जबकि मोटे अनाज की कीमत इससे कहीं ज्यादा है।

मोटे अनाज पर कितना है एमएसपी

मोटे अनाजों में सबसे ज्यादा एमएसपी रागी पर मिलता है, जो 5205 रुपए है। इसके अलावा बाजरे पर 2900, ज्वार पर 4023, कोदो पर 2500 और कुटकी पर 3500 रुपए तक एमएसपी मिलता है। खास बात यह है कि सरकार कोदो और कुटकी पर 1000 रुपए का अतिरिक्त बोनस भी देती है। ऐसे में इन फसलों को लगाकर किसान धान की तुलना में ज्यादा आर्थिक लाभ हासिल कर सकते हैं।

https://hindi.news18.com/news/agriculture/impact-of-el-nino-on-paddy-plant-these-5-crops-to-earn-double-the-profit-local18-10579054.html